जयपुर में किसी बात पर झगड़ा होने पर पति ने पत्नी की हत्या कर दी। वह करवा चौथ के दिन (गुरुवार को) 3 बच्चों के साथ कमरे में लाश के पास बैठा रहा। आरोपी ने शुक्रवार सुबह पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर पत्नी की हत्या की सूचना दी और कमरे में बच्चों को छोड़कर फरार हो गया। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो कमरा बाहर से बंद था। अंदर 3 छोटे बच्चे लाश के पास बैठे थे। पुलिस ने आरोपी को मोबाइल नंबर से ट्रेस कर गिरफ्तार कर लिया। वह अपार्टमेंट के पास एक गली में छिपकर बैठा था। मामला प्रतापनगर थाना इलाके में द्वारकापुरी अपार्टमेंट का है। आरोपी ने खुद कंट्रोल रूम में फोन कर हत्या की जानकारी दी थानाधिकारी विक्रांत शर्मा ने बताया- अपार्टमेंट की छठी मंजिल पर बने कमरे से लक्ष्मी रेगर (38) का शव मिला है। आरोपी पति प्रदीप (42) ने कंट्रोल रूम में फोन कर बताया कि पत्नी से झगड़ा हो गया और उसकी मौत हो गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे तो कमरे में लाश पड़ी थी और 3 साल की बेटी, डेढ़ साल और ढाई महीने का बेटे थे। प्रारंभिक जांच के अनुसार, महिला की मौत 2 दिन पहले हुई है। FSL टीम को बुलाकर मौके से सबूत जुटाए गए और शव को महात्मा गांधी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। रॉड से सिर पर वार से हुई मौत ACP सांगानेर दीपक कुमार खंडेलवाल ने बताया- पूछताछ में सामने आया कि मृतका लक्ष्मी रेगर पहले पति को छोड़कर आरोपी के साथ रह रही थी। बुधवार को किसी बात को लेकर दोनों में झगड़ा हुआ। इस पर आरोपी ने रॉड से लक्ष्मी के सिर पर वार किया था, जिसके कारण उसकी मौत हो गई थी। मृतका लक्ष्मी मूल रूप से बूंदी की रहने वाली थी। उसकी पहली शादी टोंक में हुई थी। आरोपी प्रदीप अजमेर का रहने वाला है और पेंट करने का काम करता था। पत्नी उसी के साथ बेलदारी का काम करती थी। दोनों के परिवार को बुलाकर आगे की कार्रवाई की जाएगी। दुकानदार बोला- 2 दिन से सामान लेने नहीं आ रहा था अपार्टमेंट में दुकान चलाने वाले रमेश ने बताया- प्रदीप मेरी दुकान पर सामान लेने आता था। रोजाना दूध और टोस्ट-बिस्किट लेकर जाता था। 2 दिन से उसे नहीं देखा और न ही दुकान पर सामान लेने आया। अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों ने बताया- पति-पत्नी अपार्टमेंट की छठी मंजिल पर किराए पर रह रहे थे। इस फ्लोर के बाकी कमरों पर ताले लगे हैं। करवा चौथ से एक दिन पहले (बुधवार को) लक्ष्मी ने व्रत और पूजा से जुड़ा सामान खरीदा था। बेटी बार-बार माता-पिता के बारे में पूछ रही दंपती के तीनों बच्चों को ग्राउंड फ्लोर पर रहने वाला परिवार संभाल रहा है। बच्चे 2 दिन से डरे-सहमे मां के शव के पास बैठे थे। पुलिस मौके पर पहुंची तो बच्चे रोते-बिलखते मिले। पड़ोसियों ने तीनों बच्चों को खाना खिलाया और दूध पिलाया। बड़ी बेटी बार-बार पड़ोसियों से अपने माता-पिता के बारे में पूछ रही है।