जयपुर में नगर निगम ने शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए रंग दे गुलाबी अभियान की शुरुआत कर दी है। इस अभियान के तहत एक ही दिन में शहर की 500 से अधिक दीवारों पर सुंदर पेंटिंग बनाई जा रही है। इनके जरिए आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है। खास बात यह है कि इस अभियान में प्रशासन और आम जनता मिलकर भागीदारी निभा रहे हैं। अभियान की शुरुआत नगर निगम के मालवीय नगर जोन से हुई। यहां जिला कलेक्टर संदेश नायक और नगर निगम कमिश्नर ओम कसेरा ने बच्चों के साथ पेंटिंग बनाकर उन्हें प्रोत्साहित किया। इसके बाद दोनों अधिकारी गवर्नमेंट हॉस्टल चौराहा पहुंचे। यहां ट्रांसजेंडर समुदाय के लोग भी इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाते नजर आए। पहले देखिए इस अभियान की फोटोज… ट्रांसजेंडर बोले- शहर को सुंदर बनाने का अवसर मिला इस दौरान ट्रांसजेंडर समुदाय ने सरकार और नगर निगम का आभार जताते हुए कहा- उन्हें पहली बार इस तरह मुख्यधारा से जोड़कर शहर को सुंदर बनाने का अवसर मिला है। अब तक उन्हें समाज में अलग नजर से देखा जाता था, लेकिन इस पहल ने उन्हें सम्मान और जिम्मेदारी का अहसास कराया है। शहर को सुंदर बनाने में योगदान देकर वे खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। कलेक्टर बोले- दीवारें स्वच्छ शहर का संदेश देंगीं कलेक्टर संदेश नायक ने कहा कि यह अभियान स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। दीवारों पर बनाई जा रही पेंटिंग्स न केवल शहरवासियों को प्रेरित करेंगी, बल्कि जयपुर आने वाले पर्यटकों तक भी स्वच्छ और हरित शहर का संदेश पहुंचाएंगी। लोग अलग-अलग हिस्सों में पेंटिंग बनाने में जुटे नगर निगम कमिश्नर ओम कसेरा ने बताया- मुख्यमंत्री के विजन के अनुरूप इस अभियान की शुरुआत की गई है, जिसमें जनता की सहभागिता को प्राथमिकता दी गई है। मौसम खराब होने के बावजूद बड़ी संख्या में लोग शहर के अलग-अलग इलाकों में पेंटिंग बनाने में जुटे हुए हैं। जो इस अभियान की सफलता को दर्शाता है। उन्होंने विश्वास जताया कि निर्धारित लक्ष्य से भी अधिक दीवारों पर पेंटिंग कर शहर में स्वच्छता का संदेश व्यापक रूप से फैलाया जाएगा।