जयपुर में ट्रक ड्राइवर के अचानक ब्रेक लगाने से पीछे चल रही एक टैक्सी कार जा घुसी। हादसे में कार ड्राइवर की मौत हो गई। वहीं कार सवार घायल महिला को प्राथमिक इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। यह हादसा दौलतपुरा थाना क्षेत्र के सफेदा फार्म से रोड नंबर-14 की रोड पर गुरुवार देर रात हुआ। दौलतपुरा थानाधिकारी (SHO) महेंद्र सिंह ने बताया- हादसे में टोंक के मेहंदवास निवासी ड्राइवर मनोज कुमार (27) की मौत हो गई। मनोज टैक्सी चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। मनोज गुरुवार को एक सवारी को लेकर रींगस गया था। मनोज रात करीब 1:30 बजे महिला सवारी को लेकर लौट रहा था। इसी दौरान आगे चल रहे ट्रक के अचानक ब्रेक लगाने पर तेज रफ्तार होने के कारण कार अनियंत्रित हो गई। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दौलतपुरा थाना पुलिस ने शुक्रवार दोपहर कांवटिया अस्पताल की मॉर्च्युरी में पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। कार में फंस गया था ड्राइवर पुलिस के अनुसार- हादसे में कार ड्राइवर मनोज लहूलुहान हालत में फंस गया। वहीं महिला सवारी के मामूली चोट आने पर वह बाहर उतर आई। हादसे के बाद ट्रक लेकर ड्राइवर फरार हो गया। राहगीरों की सूचना पर दौलतपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने राहगीरों की मदद से कार में फंसे ड्राइवर मनोज को बाहर निकाला। अस्पताल में ड्राइवर को घोषित किया मृत पुलिस ने गंभीर हालत में ड्राइवर मनोज और घायल महिला सवार को कांवटिया हॉस्पिटल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मनोज को मृत घोषित कर दिया। वहीं महिला सवारी को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को हाईवे से हटवाकर थाने में खड़ा करवाया। पुलिस अब ट्रक ड्राइवर की तलाश कर रही है।