जयपुर शहर में रविवार देर रात हुई करीब 2 इंच बारिश से जगह-जगह सड़कें धंस गई हैं। मानसरोवर और गोपालपुरा बाइपास पर 10 फीट तक गहरे गड्‌ढे हो गए। मानसरोवर में शिप्रापथ से गुर्जर की थड़ी, शांति नगर को जोड़ने वाले मार्ग पर द्रव्यवती नदी के किनारे दो जगह सड़क धंस गई। एक जगह तो सड़क का करीब 20 फीट चौड़ा हिस्सा जमीन में समा गया। इस गड्ढे से 50 मीटर दूर भी सड़क धंस गई। पानी बहने से मिट्टी का कटाव हो गया और द्रव्यवती नदी के किनारे बनी बाउंड्रीवॉल से लगती सड़क पर बड़ा गड्ढा हो गया। गोपालपुरा बाइपास पर गंगा-जमुना पेट्रोल पंप के सामने फुटपाथ के पास सड़क धंस गई। इससे वहां खड़ी इनोवा कार गड्‌ढे में गिर गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने रात को सड़क के किनारे बैरिकेडिंग करके रास्ता बंद कर दिया था। क्रेन के जरिए गाड़ी को बाहर निकाला गया। गोपालपुरा बाइपास पर रिद्धि-सिद्धि चौराहे के नजदीक परमहंस धाम के सामने आज सुबह सड़क धंस गई। यहां ड्रेनेज लाइन टूटने से सड़क पर 8 फीट चौड़ा और 10 फीट तक गहरा गड्ढा हो गया। नगर निगम की टीम ने मलबा और मिट्टी के कट्टे डालकर उसे भरवाने का काम शुरू करवाया है। सड़कें धंसने से ट्रैफिक भी प्रभावित हुआ। अब देखिए, सड़क धंसने की PHOTOS… रोड पर पेड़ गिरने से ट्रैफिक प्रभावित जयपुर शहर और उसके आसपास के कई इलाकों में रविवार देर रात से अलसुबह तक मध्यम से तेज बरसात हुई। जयपुर में बरसात के बाद स्टेच्यू सर्किल के पास एक पेड़ गिर गया। इस कारण सोमवार सुबह यहां ट्रैफिक संचालन प्रभावित रहा। जयपुर में देर रात से आज सुबह 8 बजे तक सबसे ज्यादा बारिश फागी-दूदू के बीच मौजमाबाद में 82MM दर्ज हुई। सांगानेर में 69MM, जोबनेर में 58, फागी में 54, जालसू में 52, चाकसू में 46, जेएलएन मार्ग पर 44.5, जयपुर शहर में कलेक्ट्रेट के आसपास 33, तूंगा में 28, कालवाड़ में 25, किशनगढ़-रेनवाल में 22, कोटखावदा में 20 और फुलेरा में 17MM बरसात दर्ज हुई। मानसून की पहली बारिश में धंस गई थी टोंक रोड इससे पहले, 3 जुलाई को जयपुर में लालकोठी के पास टोंक रोड अचानक धंस गई। सड़क पर करीब 20 फीट चौड़ा और 10 फीट गहरा गड्ढा बन गया था। JDA के जोन-ए के अधिशासी अभियंता (XEN) दीपक अग्रवाल ने बताया था- टोंक रोड पर पहले सीवरेज लाइन और गैस लाइन बिछाने का काम किया गया था। इस दौरान लाइन के लिए बनाया गया डक्ट तकनीकी मानकों के अनुरूप सही तरीके से फिट नहीं किया गया था। मानसून की पहली बारिश में पानी रिसकर अंदर चला गया, जिससे नीचे की मिट्टी कमजोर हो गई और सड़क धंस गई। (पूरी खबर पढ़ें) … यह खबर भी पढ़ें… जोधपुर में तेज बारिश, सीकर पानी-पानी:जयपुर में पेड़ टूटे, कई जिलों में 2 इंच पानी बरसा; 5 दिन भारी बरसात की चेतावनी