जयपुर में पूर्व डिस्ट्रिक्ट जज जगपाल सिंह के बेटे और बेटी के बीच विवाद सामने आया है। पूर्व जज के बेटे ने बहन पर हमला कर दिया। गाड़ी में तोड़फोड़ की। घटना सोडाला थाना इलाके में सिविल लाइंस स्थित गौरव नगर की है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, पीड़िता पूनम सिंह ने रिपोर्ट में बताया कि 14 जुलाई की शाम करीब 6:40 बजे हाईकोर्ट से घर लौट रही थी। जैसे ही घर के पास पहुंची, बड़े भाई मुनिंदर सिंह ने डंडे से मेरी कार पर हमला कर दिया। कार के अंदर घुसकर हमला करने की कोशिश की पीड़िता ने बताया- बड़े भाई ने कार के शीशे तोड़ दिए। टूटे हुए कांच के टुकड़े मेरे हाथ और पैर में लग गए। ड्राइवर रामजीलाल के हाथ और शरीर पर भी कांच के टुकड़े लगे। भाई ने कार में घुसकर हमला करने की भी कोशिश की। जान से मारने की कोशिश की। मैं जैसे-तैसे बची। यदि मौके पर रुक जाती तो भाई मुझे जान से मार देता। मेरी मेड ने बताया कि आरोपी और उसकी पत्नी ने सीढ़ियों का दरवाजा भी बंद कर रखा था। ताकि मैं घर में ऊपर न जा पाऊं और मुझे जान से मार दें। आरोपी ने ये सब एक दिन पहले ही प्लान कर लिया था। पीड़िता ने सुरक्षा की मांग की रिपोर्ट में बताया कि आरोपी पहले भी जान से मारने की धमकी दे चुका है। पीड़िता ने खुद और अपने ड्राइवर की जान को खतरा बताते हुए तत्काल कानूनी कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है। पुलिस ने शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर मामला दर्ज किया है। जांच एएसआई महादेव को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि घटना के सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य सबूतों के आधार पर आगे की जांच की जा रही है। पीड़िता पूनम सिंह ने आरोप लगाया कि भाई मुनिंदर ने पिता के नाम से दो झूठी वसीयत बना रखी है। इसकी एफआईआर साल 2023 में हमने करवा रखी है। मुनिंदर ने कहा- बहन घर पर कब्जा करना चाहती मुनिंदर ने बताया- बहन तलाकशुदा है। इसके केस मैंने लड़े। इसको तीन करोड़ रुपए पति से भरण पोषण दिलवाया। अब ये मेरे घर पर कब्जा करना चाहती है। पिता ने अपनी वसीयत में मकान मुझे दिया। इसने फर्जी एफआईआर मेरे खिलाफ दर्ज करवाई। अब ये आरोप लगा रही है कि बिल फर्जी है। पूरे मामले में तफ्तीश कर ली, फिर भी बहन मामले में विवाद कर रही है। पीड़िता कोर्ट में इंटर्नशिप कर रही दरअसल, मुनिन्दर सिंह और मां, बहनों में संपत्ति का विवाद चल रहा है। संपत्ति बंटवारे को लेकर सिविल कोर्ट में साल 2023 से मामला लंबित है। आरोपी और पीड़ित पूर्व डिस्ट्रिक्ट जज जगपाल सिंह के बेटे-बेटी है। जगपाल सिंह का निधन हो चुका है। मौजूदा समय में जगपाल सिंह की पत्नी हरबीर कौर, बेटा मुनिंदर और पीड़ित बेटी पूनम एक ही घर में रहते हैं। बहन पूनम सिंह भी इसी घर में फर्स्ट फ्लोर पर अपनी मां के साथ रहती है। मुनिंदर सिंह हाईकोर्ट में वकील है। पूनम सिंह (50) एलएलबी थर्ड ईयर अपेक्स यूनिवर्सिटी की छात्रा है, कोर्ट में इंटर्नशिप कर रही है।