बिड़ला ऑडिटोरियम में विशेष बच्चों और युवाओं की नाट्य प्रस्तुति 'कैंटरविल दा हांटेड एंड हिलेरियस' का मंचन किया गया। निर्माण नगर स्थित दिशा फाउंडेशन की ओर से आयोजित हुए इस कार्यक्रम में शहर के कई जाने-माने लोग मौजूद रहे। संस्थान के ट्रस्टी बसंत खेतान, माला खेतान एवं दिशा की निदेशिका डॉ. भारती खूंटेटा ने अतिथिओं का सम्मान किया। इस दौरान चेयरपर्सन माला खेतान, निदेशिका डॉ. भारती खूंटेटा ने अपने भविष्य के विजन को साझा करते हुए बताया कि संस्था एक एडवांस्ड असेसमेंट एंड रेहबलिटेशन सेंटर के रूप में विकसित करने तथा इस नाट्य प्रस्तुति को राष्ट्रीय स्तर तक ले जाने का लक्ष्य रखा गया है। कार्यक्रम में खासा आकर्षण बच्चों का उत्साह था, जिसे देखने एक हजार से भी अधिक दर्शकों की उपस्थिति दर्ज करवाई। निरंतर 6 महीनों के प्रशिक्षण और अभ्यास के बाद मंच पर उतरे बच्चों ने यह सिद्ध कर दिया कि 'अवसर मिलने पर हर बच्चा अपनी प्रतिभा से चमक सकता है'। संस्था के 'थिएटर-ऐज थैरेपी' की अवधारणा के साथ इस नाटक का निर्देशन शिराज अहमद भाटी एवं टीम (रेनबो सोसायटी) ने किया। कार्यक्रम की सफलता में शिक्षकों थेरेपिस्टस, काउंसलर्स, सैट डिजाइनर्स एवं पूरी टीम के समर्पण की महत्वपूर्ण भूमिका रही। ऑस्कर वाइल्ड की द कैंटरविल घोस्ट से प्रेरित 'कैंटरविल - द हॉन्टेड एंड हिलेरियस' एक भव्य सस्पेंस-थ्रिलर है, जिसमें हास्य, रहस्य और भावनाओं का अनोखा संगम देखने को मिलता है। यह कहानी एक भूत और एक दयालु लड़की के माध्यम से करुणा, क्षमा और दयालुता की उस शक्ति को दर्शाती है, जो सबसे गहरे घावों को भी भर सकती है। कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों के लिए यह एक भावनात्मक और गर्व का क्षण रहा। कई अभिभावकों ने इसे अपने बच्चों के जीवन का 'परिवर्तनकारी अनुभव' बताया। आगे पढ़ें जयपुर की अन्य खबरें…