जयपुर के स्टार्टअप 'द एक्सेसिबल नेशन' को देश के प्रतिष्ठित कमयाब ग्रांट्स 2026 के चार विजेता स्टार्टअप्स में शामिल किया गया है। इस उपलब्धि के तहत स्टार्टअप को 5 लाख रुपए का इक्विटी-फ्री अनुदान प्रदान किया गया है। कमयाब ग्रांट्स 2026 के लिए देशभर के 25 से अधिक राज्यों और 100 से ज्यादा शहरों से 300 से अधिक स्टार्टअप्स ने आवेदन किया था। कई चरणों में चली चयन प्रक्रिया में नवाचार, सामाजिक प्रभाव, समस्या समाधान क्षमता, विस्तार की संभावना और दीर्घकालिक स्थिरता जैसे मानकों पर स्टार्टअप्स का मूल्यांकन किया गया। इन सभी कसौटियों पर खरा उतरते हुए जयपुर के 'द एक्सेसिबल नेशन' ने अपनी मजबूत पहचान बनाई। उद्यमी सुनील चौधरी की ओर से स्थापित 'द एक्सेसिबल नेशन' का उद्देश्य तकनीक को हर व्यक्ति के लिए सरल और सुलभ बनाना है। यह प्लेटफॉर्म विशेष रूप से दिव्यांगजनों, वरिष्ठ नागरिकों और डिजिटल तकनीक के सीमित ज्ञान रखने वाले लोगों के लिए विकसित किया गया है, ताकि वे बैंकिंग, सरकारी सेवाओं, स्वास्थ्य सुविधाओं, शिक्षा और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग बिना किसी बाधा के कर सकें। स्टार्टअप की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें एक्सेसिबिलिटी (सुगम्यता) को किसी अतिरिक्त फीचर के रूप में नहीं, बल्कि पूरी तकनीकी प्रणाली की मूल अवधारणा के रूप में शामिल किया गया है। इससे ऐसे उपयोगकर्ताओं को भी स्वतंत्र और सुरक्षित डिजिटल अनुभव मिल सकेगा, जो सामान्य डिजिटल प्लेटफॉर्म का आसानी से उपयोग नहीं कर पाते। डिजिटल भारत को समावेशी बनाने की पहल चयन समिति के अनुसार, 'द एक्सेसिबल नेशन' केवल तकनीकी उत्पाद विकसित नहीं कर रहा, बल्कि देश के सामने मौजूद एक महत्वपूर्ण सामाजिक चुनौती का समाधान प्रस्तुत कर रहा है। जैसे-जैसे भारत की डिजिटल अर्थव्यवस्था का विस्तार हो रहा है, वैसे-वैसे यह सुनिश्चित करना भी जरूरी है कि समाज का कोई भी वर्ग तकनीकी विकास से वंचित न रहे। 'कमयाब ग्रांट्स' हम होंगे कामयाब फाउंडेशन की पहल है, जिसका उद्देश्य ऐसे स्टार्टअप्स को प्रोत्साहित करना है जो सामाजिक समस्याओं के व्यावहारिक समाधान विकसित कर रहे हैं। आर्थिक सहायता के साथ चयनित स्टार्टअप्स को अनुभवी उद्यमियों की मेंटोरशिप, विशेषज्ञों का मार्गदर्शन, नेटवर्किंग और विभिन्न संस्थानों के साथ सहयोग के अवसर भी दिए जाते हैं। 'द एक्सेसिबल नेशन' को अब 1300 से अधिक स्कूलों और विश्वविद्यालयों के नेटवर्क के साथ संभावित सहयोग, राष्ट्रीय स्तर पर दृश्यता और अनुभवी उद्यमियों के मार्गदर्शन का लाभ भी मिलेगा। इससे स्टार्टअप अपने समाधान को देशभर में और अधिक प्रभावी ढंग से लागू कर सकेगा। इस अवसर पर उद्यमी एवं निवेशक अजय गुप्ता ने कहा कि किसी भी तकनीकी नवाचार की सफलता उसकी जटिलता से नहीं, बल्कि उससे बदलने वाले जीवन से तय होती है। उन्होंने कहा कि 'द एक्सेसिबल नेशन' ने इसलिए प्रभावित किया क्योंकि यह उन लोगों की वास्तविक समस्या का समाधान प्रस्तुत करता है, जिन्हें अक्सर डिजिटल विकास की मुख्यधारा में पर्याप्त स्थान नहीं मिल पाता। उन्होंने विश्वास जताया कि ऐसे नवाचार भारत को अधिक समावेशी, सुलभ और समान अवसरों वाला समाज बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।