जयपुर में अनियंत्रित वैन के एक बुजुर्ग महिला को रौंदने से मौत हो गई। सांस के बीमारी से परेशान महिला घर के बाहर बैठी थी। अनियंत्रित वैन टक्कर मारकर महिला को करीब 15 फीट तक अपने साथ घसीट ले गई। घर के पास लगे CCTV फुटेज में एक्सीडेंट की घटना कैद हो गई। महेश नगर थाना पुलिस ने गुरुवार को जयपुरिया हॉस्पिटल में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। ASI महेंद्र सिंह ने बताया- हादसे में महेश नगर के करतारपुरा स्थित चौधरी कॉलोनी निवासी कलावती गुर्जर (63) की मौत हो गई। करीब एक महीने पहले बीमारी के चलते उनके पति हनुमान सहाय की डेथ हो गई थी। वह अपने तीन बच्चों के साथ यहां रहती थी। पिछले काफी समय से कलावती सांस की बीमारी से परेशान थी। घर के बाहर बैठ कर रही थी बात घटनाक्रम के मुताबिक, सांस नहीं आने के चलते वह दोपहर करीब 1 बजे घर के बाहर आकर बैठ गई। रोड किनारे बैठकर वह पड़ोसियों से बातचीत कर रही थी। इसी दौरान कुछ दूरी पर खड़ी वैन अनियंत्रित होकर उनकी ओर घुस गई। वैन को आता देखकर पड़ोसी ने साइड में हटकर अपनी जान बचाई। वहीं, रोड पर बैठी कलावती को वैन ने अपनी चपेट में ले लिया। घसीटते हुए ले गई साथ अनियंत्रित वैन ने कलावती को सामने से टक्कर मारी। जिसके बाद वैन कलावती को अपने साथ घसीटते ले गई। करीब 15 फीट साथ घसीटते ले जाने के बाद ऊपर से चढ़ते हुए वैन निकल गई। हादसे के कुछ दूरी पर वैन छोड़कर ड्राइवर फरार हो गया। रोड एक्सीडेंट की सूचना पर पहुंची पुलिस ने वैन को जब्त कर लिया। घर के बाहर लगे CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस जब्त वैन के ड्राइवर की तलाश कर रही है। इलाज के दौरान हुई मौत हादसे के बाद शोर-शराबा होने पर आस-पड़ोस में रहने वाले लोग भी घरों से बाहर आ गए। रोड पर बेसुध पड़ी कलावती को लोगों ने संभालकर तुरंत प्राइवेट हॉस्पिटल में एडमिट करवाया। इलाज के दौरान डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव को जयपुरिया हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी भिजवाया।