जयपुर के विश्वकर्मा इंडस्ट्रियल एरिया (वीकेआई) में मिलावटी और असुरक्षित मसालों के निर्माण पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मसाला फैक्ट्री को सील किया गया है। मौके से कुल 6,273 किलोग्राम मसालों का स्टॉक जब्त किया गया। साथ ही फैक्ट्री के खाद्य लाइसेंस को निरस्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। खाद्य सुरक्षा आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देशन और जयपुर प्रथम के अधिकारी डॉ. रवि शेखावत के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी की टीम ने शुक्रवार देर रात विश्वकर्मा इंडस्ट्रियल एरिया (वीकेआई) के राजेंद्र इंटरप्राइजेज मसाला पिसाई केंद्र पर छापेमारी की। हल्दी और लाल मिर्च के नमूने लिए, 6,273 किलो स्टॉक सीज कार्रवाई के दौरान संचालक राजेंद्र सिंह की फैक्ट्री से हल्दी पाउडर और लाल मिर्च पाउडर के नमूने लिए गए। वहीं, मौके पर मौजूद 6,273 किलोग्राम मसालों का पूरा स्टॉक सीज कर दिया गया। पहले भी दो बार असुरक्षित मसाले बनाने में पकड़ा गया डॉ. रवि शेखावत ने बताया कि संबंधित संचालक पहले भी मिलावटी और असुरक्षित मसालों के निर्माण और व्यापार में लिप्त पाया जा चुका है। 10 जुलाई 2022 को भी लाल मिर्च पाउडर का नमूना जांच में असुरक्षित (Unsafe) पाया गया था। इस मामले में 6 जनवरी 2023 को अदालत में परिवाद प्रस्तुत किया जा चुका है, जो वर्तमान में विचाराधीन है। इसके बाद 17 अक्टूबर 2025 को लिए गए हल्दी पाउडर का नमूना भी जांच में असुरक्षित पाया गया। इस मामले में भी न्यायालय में परिवाद पेश करने की कार्रवाई प्रक्रियाधीन है। फैक्ट्री सील, लाइसेंस निरस्त करने और कड़ी कानूनी कार्रवाई की तैयारी खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, बार-बार असुरक्षित मसालों के निर्माण के मामले सामने आने के कारण संबंधित फैक्ट्री को सील कर दिया गया है। साथ ही उसका खाद्य लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। विभाग ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 64 के तहत भी नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई करने की तैयारी की है।