जयपुर में फंदा लगाकर एक वार्ड पंच ने सुसाइड कर लिया था। छह महीने पहले वह पेड़ पर रस्सी के फंदे से लटका मिला था। मरने से पहले 8:44 मिनट का बनाया सुसाइड वीडियो गुरुवार को सामने आया। कोटखावदा पुलिस ने सुसाइड के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। SHO (कोटखावदा थाना) भरत लाल मीना ने बताया- कोटखावदा के बास विनोदी लालपुरा गांव निवासी नारायण लाल जाट (52) ने 21 सितंबर 2025 को सुसाइड किया था। वार्ड पंच नारायण लाल का शव घर के पास खेत में बबूल के पेड़ पर फंदे से लटका मिला था। सुसाइड की सूचना पर कोटखावदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सबूत जुटाने के बाद फंदे से शव को नीचे उतारा। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया था। मृतक के परिजनों ने हत्या का शक जताते हुए तब शिकायत दी थी। पुलिस ने शिकायत पर मर्डर केस दर्ज कर जांच शुरू की थी। मोबाइल में मिला था सुसाइड वीडियो मृतक नारायण लाल जाट का मोबाइल देखने पर मरने से पहले बनाया सुसाइड वीडियो मिला। वीडियो में नारायण लाल ने कहा था कि- मेरी इमेज खराब करने के लिए। मेरे पीछे राकेश कुमार, राजवीर जाट, अशोक जाट, छीतर जाट और प्रहलाद जाट। ये लोग निकले, बैठते-उठते, इनकी औरतों ने मेरे साथ गलत व्यवहार किया। चलते के ऊपर पत्थर फेंकना। जब भी मैं पुलिस में गया, पुलिसवाले इनसे पैसे लेकर, मेरी बात नहीं मानते। आज मैं आत्महत्या करने पर मजबूर हूं। ईश्वर मेरा साक्षी रहे। मरने से पहले 8:44 मिनट का सुसाइड वीडियो नारायण लाल जाट ने बनाया था। पुलिस की ओर से सुसाइड के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।