जयपुर में बीच सड़क पर बाइक सवार युवकों द्वारा एक युवती से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। घटना में दो युवक सड़क पर आगे जा रही बाइक सवार युवती का पीछा करते हैं, फिर अचानक युवती की बाइक के पास अपनी बाइक निकालकर अश्लील हरकत करते हैं। इसके बाद युवक मौके से फरार हो जाते हैं। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वे युवती से छेड़छाड़ करते हुए नजर आ रहे हैं। आरोपियों की पहचान के लिए वीडियो फुटेज के आधार पर तलाश शुरू कर दी गई है। मामले पर मुहाना थाना प्रभारी गुरू भूपेंद्र सिंह ने कहा- वीडियो इस्कॉन रोड, न्यू सांगानेर का है। आरोपियों को जल्दी ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। आरोपियों के खिलाफ होगी कार्रवाई डीसीपी साउथ राजर्षि राज ने बताया- सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर हो रहा है, जिसमें एक बाइक पर दो युवक सवार हैं। वे दोनों पास से जा रही एक कैब बाइक के पीछे बैठी युवती को बैड टच कर रहे हैं। इस वीडियो के बारे में जांच की तो ये वीडियो न्यू सांगानेर रोड के पास इस्कॉन रोड का मिला। इसमें रेपिडो से ड्राइवर का रिकॉर्ड प्राप्त किया। रेपिडो पर सवार युवती से घटना के संबंध में बातचीत की तो उसने तस्दीक नहीं की। वह जयपुर से बाहर होना बता रही है। पुलिस ने खुद कार्रवाई करते हुए घटना में बाइक सवार युवकों की पहचान मनराज मीणा और सुदामा मीणा निवासी टोंक के रूप में की है। इनकी तलाश जारी है। दोनों को तलाश कर कार्रवाई की जाएगी। कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर किया पोस्ट वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस पार्टी ने भी सरकार पर निशाना साधा है। सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कांग्रेस ने लिखा- ये शर्मनाक तस्वीरें राजस्थान की हैं, जहां सड़क पर सरेआम बहन-बेटियों को छेड़ा जा रहा है, और बदमाश आम लोगों को मार रहे हैं। क्योंकि भाजपा की पर्ची_सरकार में कानून का डर खत्म हो चुका है। BJP के कुशासन में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं, और सरकार तमाशबीन बनी हुई है। राजस्थान में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है, और आम नागरिक भय के माहौल में जीने को मजबूर हैं। भाजपा सरकार को इस पर तत्काल ध्यान देना चाहिए और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि राज्य में फिर से शांति और सुरक्षा स्थापित हो सके।