जयपुर में शुक्रवार को ‘नारी शक्ति फॉर विकसित भारत रन’ का आयोजन किया गया, जिसमें शहर की महिलाओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तत्वावधान में माय भारत की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिला शक्ति को सम्मान देना और ‘विकसित भारत’ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना रहा। सुबह 07:30 बजे चांदपोल से शुरू हुई यह रन बड़ी चौपड़ तक आयोजित की गई। करीब 1.5 किलोमीटर लंबी इस दौड़ में छात्राओं, उद्यमियों, पत्रकारों, खिलाड़ियों और विभिन्न पेशों से जुड़ी महिलाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। आयोजन में सैंकड़ों की संख्या में महिलाओं की भागीदारी दर्ज की गई। ‘#NariShaktiVandan’ थीम के साथ दिया संदेश कार्यक्रम की थीम ‘#NariShaktiVandan’ रखी गई। रन को राज्य मंत्री मंजू बाघमार और पूर्व विधायक अलका गुर्जर ने फ्लैग-ऑफ किया। इस दौरान पूर्व महापौर कुसुम यादव सहित कई प्रमुख महिलाएं मौजूद रहीं। कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 की कांस्य पदक विजेता पूजा और वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स 2025 की स्वर्ण पदक विजेता कचनार चौधरी भी कार्यक्रम में शामिल हुईं। फिट इंडिया के संदेश को आगे बढ़ाने का प्रयास माय भारत राजस्थान के राज्य निदेशक देवेंद्र कुमार व्यास ने बताया कि इस आयोजन के जरिए फिट इंडिया के संदेश को आगे बढ़ाने के साथ-साथ महिलाओं की राष्ट्र निर्माण में भूमिका को सामने लाने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिला और पूरे रूट पर ऊर्जा और जोश का माहौल बना रहा।