राजधानी जयपुर में सोडाला थाना क्षेत्र में मेट्रो पिलर पर गुरुवार दोपहर करीब 1:20 बजे एक युवक के चढ़ने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद दमकल की गाड़ी की मदद से युवक को नीचे उतार लिया गया। युवक को नीचे उतारने के लिए सिविल डिफेंस की टीम को भी रवाना किया गया था। हालांकि इससे पहले ही अग्निशमन टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा कर लिया। इस दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। वहीं इस दौरान एक सिपाही ने मजाक करते हुए युवक से सवाल भी किया कि उसे ऊपर चढ़े हुए कितने साल हो गए हैं। महाराष्ट्र का रहने वाला है युवक सोडाला थानाधिकारी मनोज बेरवाल ने बताया- युवक को नीचे उतारने के बाद थाने लाकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने अपना नाम संजू तुकाराम पोसरे बताया। वह मूल रूप से महाराष्ट्र के गढ़चिरौली का निवासी है और जयपुर में खानाबदोश के रूप में रह रहा है। पिलर पर चढ़ने के कारणों की जांच पुलिस के अनुसार- युवक शुरुआती पूछताछ में ज्यादा जानकारी नहीं दे पा रहा है। वह मेट्रो पिलर पर क्यों चढ़ा था। इस संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर पाबंद किया है।