सूतली बम चलाने को लेकर हुई कहासुनी ने खूनी संघर्ष का रूप लिया तो अफरा-तफरी के साथ दहशत फैल गई। बम चलाने से मना करने पर खफा हुए लोगों ने पडोसी की लाठी-सरियो से पीट-पीटकर हत्या कर दी। कहा जा रहा है कि निढाल हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने आधा दर्जन से ज्यादा फरार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज दबिश देना शुरू किया है। एसीपी झोटवाडा आलोक सैनी के अनुसार मामला छत्रपति शिवाजी नगर कालवाड का है। यहां सोमवार रात करीब 9 बजकर 30 मिनट पर कुछ युवक सूतली बम चला रहे थे। इसी दौरान बम पडोसी विनोद योगी (30) की कार के नीचे जाकर फटा। कार में आग लगने की आशंका के चलते विनोद ने विरोध कर बम चलाने वालों को डांटा तो माहौल गर्मा गया। कार लेकर पहुंचा तो घेरकर मारा जानकारी के अनुसार तनाव फैला तो लोगों ने समझाईश का मामला शांत कर दिया। इसी बीच विनोद योगी कार लेकर उनके घर पहुंचा। घर पहुंंचने पर विवाद हुआ तो दूसरे पक्ष के आधा दर्जन से ज्यादा लोगों ने उस पर लाठी-सरियों से हमला बोल दिया। उसने जान बचाने के लिए भागने की कोशिस की मगर चारों ओर से घेर कर किए हमले में वह वहीं निढाल हो गया। आनन-फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। हमलावर एक ही परिवार के मृतक के परिजनों ने विशाल धानका और करण धानका सहित 7 जनों को नामजद कर अन्य आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है। जानकारी के अनुसार सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने बताया कि पहले भी दोनों पक्षों के बीच मनमुटाव हो चुका है। मृतक के 6 माह का बेटा है और वह गुजरात में प्राईवेट नौकरी करता था। पुलिस फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।