राजस्थान की ‘गोल्डन सिटी’ जैसलमेर में पब्लिक पैलेस में थूकने और गंदगी फैलाने पर जुर्माना लगेगा। तीन किलोमीटर के शहर में 250 कैमरों से रियलटाइम मॉनिटरिंग होगी। कचरा फैलाते ही कंट्रोल रूप की सूचना पर नगरपरिषद की टीम तुरंत मौके पर पहुंचेगी। 500 से 2500 रुपए तक चालान थमाया जाएगा। पेनल्टी जमा नहीं कराने और बार-बार कचरा फैलाने पर FIR दर्ज कराई जाएगी। 3.25 करोड़ का प्रोजेक्ट, 24 घंटे ‘कंट्रोल रूम’ से होगी लाइव मॉनिटरिंग नगर परिषद के आयुक्त लजपाल सिंह सोढ़ा ने बताया- करीब 3.25 करोड़ रुपए का प्रोजेक्ट तैयार किया है। नगर परिषद कार्यालय में कंट्रोल रूम बनाया जा रहा है। बड़ी-बड़ी स्क्रीन लगाई जाएंगी। 24 घंटे कर्मचारी शिफ्ट में लाइव मॉनिटरिंग करेंगे। कंट्रोल रूम की सूचना पर सफाई टीम तुरंत मौके पर पहुंचकर सफाई करेगी। आयुक्त बोले- 2 महीने में लग जाएंगे कैमरे नगर परिषद के आयुक्त लजपाल सिंह सोढ़ा ने कहा - कैमरों का ऑर्डर दे दिया गया है और दो महीने के भीतर सिस्टम चालू हो जाएगा। इसका उद्देश्य लोगों को परेशान करना या उनसे पैसे वसूलना नहीं है, बल्कि नागरिकों में सफाई के प्रति जागरूकता लाना है ताकि लोग खुद कचरा न फैलाएं और नियमों का पालन करें। आयुक्त ने बताया- लोग सड़कों पर चलते-फिरते थूक देते हैं या घर का कचरा चुपके से गली के कोने में डाल देते हैं। जो भी व्यक्ति गंदगी फैलाते हुए पाया जाएगा, उससे सख्ती से जुर्माना वसूला जाएगा। बार-बार गंदगी करने और जुर्माना राशि नहीं देने पर FIR दर्ज करवाई जाएगी।