जैसलमेर में 52 साल के एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटका मिला। राहगीरों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव उतारा। व्यक्ति के पास सुसाइड नोट नहीं मिला। पुलिस ने FSL टीम को मौके पर बुलाया और जांच शुरू की। घटना शहर से 12 किमी दूर सदर थाना इलाके के बरमसर गांव के तिराहे पर हुई। सदर थाना पुलिस के मुताबिक- शव रामगढ़ रोड पर पेड़ से लटका मिला। घटनास्थल का जायजा लिया है। सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। व्यक्ति की पहचान चेलक गांव निवासी इंद्राराम मेघवाल (52) के रूप में हुई है। जांच के लिए मौके पर FSL (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) टीम को भी बुलाया। आसपास के फुटप्रिंट और अन्य तकनीकी सबूत जुटाए हैं। शव को मॉर्च्युरी में रखवाया है। चेलक से बरमसर तिराहे पर कैसे पहुंचा इंद्राराम पुलिस यह जानकारी जुटाने की कोशिश में लगी है कि इंद्राराम चेलक से बरमसर तिराहा के सुनसान इलाके में कैसे पहुंचा? उसने खुद फंदा लगाया या इसके पीछे कोई और वजह है? पुलिस इंद्राराम के मोबाइल की कॉल डिटेल और पारिवारिक पृष्ठभूमि खंगाल रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी नजर सदर थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी। फिलहाल पुलिस सुसाइड और अन्य संदिग्ध पहलुओं को ध्यान में रखकर हर एंगल से पड़ताल कर रही है।