जैसलमेर जिले में गर्मी ने असर दिखाना शुरू कर दिया। पिछले एक सप्ताह से लगातार गर्मी का असर बढ़ता जा रहा था। शुक्रवार को भी पारा 43.5 डिग्री दर्ज किया गया। इधर, शनिवार को दोबारा मौसम बदलने की संभावना है। मौसम विभाग की ओर से दो यानी शनिवार और रविवार को आंधी-बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान जिले में तेज अंधड़ के साथ हल्की बारिश भी होगी। अनुमान है कि अगले दो दिन धूल भरी आंधी चलने की संभावना है। गर्मी ने तोड़ा रिकॉर्ड, रातें भी हुईं गर्म शुक्रवार को न केवल दिन का तापमान बढ़ा, बल्कि रात का न्यूनतम तापमान भी 27.6 डिग्री दर्ज किया गया। रात में हवा न चलने के कारण लोग उमस से परेशान रहे। गर्मी का असर इतना है कि कूलर और पंखे भी बेअसर साबित हो रहे हैं। बाजारों में दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक आवाजाही लगभग बंद रही। डॉक्टरों की सलाह: सेहत का रखें ख्याल बदलते मौसम को देखते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है। अचानक गर्मी के बाद आंधी और बारिश से सर्दी, जुकाम और बुखार का खतरा बढ़ सकता है। डॉक्टरों ने सलाह दी है कि दोपहर के समय बाहर निकलने से बचें। ज्यादा से ज्यादा पानी और तरल पदार्थों का सेवन करें। धूप में निकलते समय सिर और चेहरा ढक कर रखें।