जैसलमेर के स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल के हॉस्टल में 5 फीट लंबा जहरीला कोबरा सांप घुस आया। राहत की बात यह रही कि घटना के वक्त सभी छात्र अपनी कक्षाओं में थे, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। यह कोबरा सुरक्षा गार्ड के पास से सरकते हुए हॉस्टल के मुख्य गेट पर रखे एक खाली कार्टन के नीचे जाकर छिप गया। गार्ड ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत स्कूल स्टाफ को इसकी सूचना दी। प्रशासन ने बिना देरी किए वन्यजीव प्रेमी और स्नेक कैचर प्रेम चौधरी को मौके पर बुलाया, जिन्होंने कोबरा का सुरक्षित रेस्क्यू किया। हॉस्टल में घुस आया कोबरा जैसलमेर के ग्रामीण अंचलों में भीषण गर्मी और मौसम के बदलाव के कारण इन दिनों वन्यजीवों और जहरीले रेंगने वाले जीवों का आबादी क्षेत्र में आने का सिलसिला बढ़ गया है। मॉडल स्कूल के हॉस्टल में कोबरा घुसने की इस घटना ने स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह के समय जब बच्चे स्कूल बिल्डिंग में पढ़ाई कर रहे थे, तब हॉस्टल परिसर में सन्नाटा था। इसी दौरान मुख्य द्वार पर तैनात सुरक्षाकर्मी को एक भारी सरसराहट सुनाई दी। नजर घुमाने पर उसे 5 फीट लंबा काला कोबरा दिखाई दिया। गार्ड ने हिम्मत दिखाई और सांप पर नजर रखते हुए तुरंत स्कूल के संस्था प्रधान और स्टाफ को सूचित किया। हॉस्टल वार्डन ने तुरंत बच्चों को हॉस्टल की तरफ आने से रोका। स्नैक कैचर प्रेम ने किया सुरक्षित रेस्क्यू सूचना मिलने के तुरंत बाद स्नेक कैचर प्रेम चौधरी अपने उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद कार्टन के नीचे बैठे अत्यधिक आक्रामक कोबरा को बेहद सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कर एक डिब्बे में बंद किया। इसके बाद सांप को आबादी से दूर सुरक्षित रेगिस्तानी जंगल में छोड़ दिया गया, तब जाकर स्कूल स्टाफ और हॉस्टल प्रबंधन ने राहत की सांस ली।