जैसलमेर में इस बार मानसून की एंट्री अब तक नहीं हो पाई है। जुलाई का महीना आधा गुजरने के बावजूद जिले में बारिश नहीं हुई है। गुरुवार को दिनभर तेज धूप के कारण अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि रात के पारे में 1 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ न्यूनतम तापमान 27.1 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। बारिश नहीं होने से आमजन गर्मी और उमस से परेशान हैं, वहीं किसान भी फसल और बुवाई को लेकर चिंता में हैं। जुलाई आधी बीती, लेकिन नहीं पहुंचा मानसून गौरतलब है कि जुलाई का महीना आधा बीतने को है, लेकिन रेतीले धोरों की प्यास अब तक नहीं बुझ पाई है। सामान्य तौर पर जुलाई के पहले सप्ताह में मानसून जैसलमेर की सरहद में प्रवेश कर जाता है और इसके बाद अच्छी बारिश का दौर शुरू हो जाता है। इस बार मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ नजर आ रहा है और अब तक जिले में मानसून की एंट्री नहीं हुई है। गुरुवार को 39 डिग्री पहुंचा दिन का पारा गुरुवार को जैसलमेर में दिनभर तेज धूप का असर देखने को मिला। अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं रात के तापमान में भी 1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई और न्यूनतम तापमान 27.1 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। बारिश नहीं होने और लगातार बढ़ती गर्मी के कारण आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अगले चार दिन मौसम साफ रहने का अनुमान जताया मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आगामी चार दिनों तक जैसलमेर और आसपास के इलाकों में मौसम पूरी तरह साफ रहने की संभावना है। आसमान में हल्के बादलों की आवाजाही जरूर देखने को मिल सकती है, लेकिन उनके बरसने की कोई संभावना नहीं है। किसान परेशान, बारिश का इंतजार जारी थार के रेगिस्तान में इस बार सावन का महीना सूखा गुजर रहा है। जहां अब तक अच्छी बारिश हो जानी चाहिए थी, वहां लगातार तेज धूप और गर्मी का असर बना हुआ है। बारिश नहीं होने से किसान भी चिंतित हैं और खेती से जुड़े काम प्रभावित हो रहे हैं। मौसम विभाग के बुलेटिन से बढ़ी चिंता मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के बाद किसानों की उम्मीदों को झटका लगा है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार फिलहाल वायुमंडल में मानसून के अनुकूल कोई सिस्टम सक्रिय नहीं है, जिसके चलते अगले चार दिन मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है। उमस और गर्मी से अभी राहत के आसार नहीं जैसलमेर के लोगों और किसानों को अभी बारिश के लिए और इंतजार करना पड़ सकता है। फिलहाल वायुमंडल की परिस्थितियां क्षेत्र में अच्छी बारिश के अनुकूल नहीं हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों तक मौसम साफ रहेगा और केवल हल्के बादलों की आवाजाही देखने को मिल सकती है। बारिश की संभावना नहीं होने से उमस और गर्मी का दौर एक बार फिर तेज हो सकता है।