जैसलमेर में नवरात्र, दशहरा और पर्यटन सीजन को देखते हुए कानून-व्यवस्था मजबूत करने के लिए जैसलमेर पुलिस ने शहर में फ्लैग मार्च निकाला। एसपी अभिषेक शिवहरे के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों और आरएसी जवानों ने प्रमुख बाजारों में पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान ट्रैफिक प्रबंधन, पुलिस की मौजूदगी और आमजन से संवाद की स्थिति का निरीक्षण किया गया। यह फ्लैग मार्च हनुमान चौराहा स्थित कोतवाली थाने से शुरू होकर गांधी चौक, गोपा चौक और आसनी पथ होते हुए गड़ीसर चौराहे तक पहुंचा। भीड़भाड़ वाले इलाकों में ट्रैफिक सुधारने पर जोर एसपी अभिषेक शिवहरे ने बताया कि त्योहार और पर्यटन सीजन को देखते हुए भीतरी बाजारों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान कुछ संकरे और भीड़भाड़ वाले इलाकों में यातायात सुचारू रखने के लिए तत्काल कदम उठाने की जरूरत सामने आई। उन्होंने बताया कि ऐसे स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया जाएगा। दुकानदारों को भी समझाइश दी जाएगी कि वे सामान दुकान की सीमा के भीतर ही रखें, ताकि पैदल चलने वालों के लिए रास्ता खुला रहे और आवाजाही में परेशानी न हो। गश्त और नाकाबंदी तेज एसपी ने बताया कि त्योहारों के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले के सभी थानों में सीएलजी बैठकें पूरी हो चुकी हैं। 15 अक्टूबर को जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक प्रस्तावित है। पुलिस विभिन्न वर्गों और स्थानीय समूहों के साथ लगातार संपर्क में है। रात के समय अलग-अलग स्थानों पर नाकाबंदी और वाहनों की जांच की जा रही है। एसपी के अनुसार, हाल ही में मोहनगढ़ क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध वाहन पकड़ा गया था, जिससे चोरी की बड़ी वारदात का खुलासा हुआ। CCTV कैमरों से 24 घंटे निगरानी शहर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए सीसीटीवी कैमरों के जरिए 24 घंटे निगरानी की जा रही है। एसपी अभिषेक शिवहरे ने बताया कि पुलिस का जोर आमजन के साथ संवाद बढ़ाने और मानवीय सूचना तंत्र के साथ तकनीकी निगरानी का इस्तेमाल कर जानकारी जुटाने पर है। उन्होंने कहा कि पर्यटन और त्योहारों के सीजन को देखते हुए पूरे जैसलमेर शहर में पुलिस की मौजूदगी और गश्त बढ़ाई गई है, ताकि आमजन और पर्यटकों के बीच सुरक्षा का माहौल बना रहे।