प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को पंजाब के जालंधर कैंट से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित किए गए जैसलमेर स्टेशन का लोकार्पण किया। उत्तर-पश्चिम रेलवे के तहत राजस्थान के जैसलमेर के साथ बाड़मेर और गोटन स्टेशनों को भी इस योजना में शामिल किया गया है। जैसलमेर में हुए मुख्य समारोह में केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने अनावरण पट्टिका का अनावरण किया। इस दौरान सीमावर्ती क्षेत्र के रेल यात्रियों की मांग को देखते हुए शनिवार से जयपुर-जैसलमेर और बांद्रा-जैसलमेर ट्रेनों का लाठी-भादरिया स्टेशन पर नया ठहराव भी शुरू करने की घोषणा की गई। स्थानीय पीले पत्थरों से सजा भव्य स्वरूप अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत जैसलमेर रेलवे स्टेशन को नया रूप देने में स्थानीय कला और संस्कृति का विशेष ध्यान रखा गया है। स्टेशन की मुख्य इमारत को जैसलमेर की पहचान माने जाने वाले स्वर्णिम पीले पत्थरों से तैयार किया गया है, जो बाहर से आने वाले यात्रियों को यहां की ऐतिहासिक विरासत का अहसास कराएगा। स्टेशन परिसर को न केवल दिखने में सुंदर बनाया गया है, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के स्तर को भी बढ़ाने का काम हुआ है। बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए विशेष इंतजाम स्टेशन पर अब चौड़े प्लेटफॉर्म, नए प्रतीक्षालय, साफ-सुथरे शौचालय और पीने के पानी की बेहतर व्यवस्था की गई है। बुजुर्ग और दिव्यांग यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन परिसर में लिफ्ट, एस्केलेटर (चलती सीढ़ियां), रैंप और विशेष स्पर्श वाली टाइल्स लगाई गई हैं। इसके साथ ही पूरे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए हाई-क्वालिटी सीसीटीवी कैमरे, डिजिटल सूचना डिस्प्ले बोर्ड और नया अनाउंसमेंट सिस्टम लगाया गया है। पर्यटन और स्थानीय व्यापार को मिलेगा बढ़ावा लोकार्पण समारोह में केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि रेलवे स्टेशन अब केवल आने-जाने का माध्यम नहीं, बल्कि शहर के विकास का मुख्य द्वार बन रहे हैं। जैसलमेर जैसे विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पर एयरपोर्ट जैसी आधुनिक सुविधाएं मिलने से देश-विदेश के पर्यटकों को बेहतर माहौल मिलेगा। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार, हस्तशिल्प और व्यापार को नई मजबूती मिलेगी। हरिद्वार ट्रेन के लिए समय बदलने का आश्वासन इस मौके पर जैसलमेर विधायक छोटू सिंह भाटी और फलोदी विधायक पब्बाराम बिश्नोई ने क्षेत्र के विकास के लिए इस नई सौगात की सराहना की। जनप्रतिनिधियों ने मांग रखी कि जैसलमेर से बीकानेर जाने वाली ट्रेन का समय 1 घंटा पहले किया जाए, ताकि वहां से हरिद्वार जाने वाली ट्रेन आसानी से पकड़ी जा सके। इस पर केंद्रीय मंत्री ने विश्वास दिलाया कि वे इस संबंध में रेल मंत्रालय से बातचीत कर उचित कार्रवाई कराएंगे। ये भी रहे मौजूद समारोह में जिला कलेक्टर अनुपमा जोरवाल, पोकरण विधायक महंत प्रताप पुरी, फलोदी विधायक पब्बाराम बिश्नोई, समाजसेवी दलपत हिंगड़ा, समाजसेवी आईदान सिंह भाटी, महंत बाल भारती, कंवराज सिंह चौहान, अरूण पुरोहित, जनक सिंह, जुगल किशोर व्यास, बाबूलाल शर्मा, चन्द्र प्रकाश शारदा, सुशील कुमार व्यास, सवाई सिंह गोगली, पूर्व प्रधान सुनीता भाटी सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि, रेलवे अधिकारी और बड़ी संख्या में आम लोग उपस्थित रहे।