सीमावर्ती और विश्व प्रसिद्ध पर्यटन शहर जैसलमेर का रेलवे स्टेशन अब पूरी तरह नए स्वरूप में तैयार हो चुका है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत करीब 140 करोड़ रुपए की लागत से स्टेशन का पुनर्विकास किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इसका लोकार्पण करेंगे। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और जैसलमेर विधायक छोटू सिंह भाटी स्टेशन पर मौजूद रहेंगे। स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं के साथ हेरिटेज लुक दिया गया है। पीले पत्थरों से मिला हेरिटेज लुक हितेश यादव, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक जोधपुर ने बताया कि स्टेशन की नई तीन मंजिला बिल्डिंग के निर्माण में जैसलमेर के प्रसिद्ध स्वर्णिम पीले पत्थरों का इस्तेमाल किया गया है। इससे स्टेशन को हेरिटेज लुक मिला है और इसकी डिजाइन किसी भव्य महल जैसी दिखाई देती है। 10 लिफ्ट और 10 एस्केलेटर लगाए गए यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन पर 10 लिफ्ट और 10 एस्केलेटर लगाए गए हैं। इसके अलावा प्लेटफॉर्म को आपस में जोड़ने के लिए 6 मीटर चौड़े दो नए फुट ओवरब्रिज बनाए गए हैं। यात्रियों के बैठने के लिए आधुनिक वेटिंग लाउंज तैयार किया गया है। तीनों प्लेटफॉर्म पर 10 हजार वर्गमीटर से ज्यादा हिस्से में नया शेड लगाया गया है, जिससे यात्रियों को धूप और बारिश से राहत मिलेगी। शहर की संस्कृति के अनुसार तैयार किया स्टेशन हितेश यादव ने बताया कि पर्यटकों के पसंदीदा शहर जैसलमेर के इस स्टेशन को शहर की संस्कृति और पहचान को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। स्टेशन के बड़े प्रवेश और निकास द्वार यात्रियों को अलग अनुभव देंगे। बुजुर्गों और दिव्यांग यात्रियों की सुविधा के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। पर्यटन और व्यापार को मिलेगा फायदा पर्यटन व्यवसायी मयंक भाटिया, प्रिया ग्रुप ने बताया कि जैसलमेर में हर साल लाखों देशी और विदेशी पर्यटक पहुंचते हैं। आधुनिक सुविधाओं और रेल कोच रेस्टोरेंट जैसी नई सुविधाओं से पर्यटकों का सफर आसान होगा। इससे स्थानीय व्यापार और पर्यटन क्षेत्र को भी फायदा मिलने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि कमर्शियल स्पेस और अन्य सुविधाओं के जरिए रेलवे को टिकट बिक्री के अलावा हर साल करीब 50 लाख रुपए की अतिरिक्त आय होने का अनुमान है। रिटायरिंग रूम और पार्किंग की भी सुविधा स्टेशन पर यात्रियों के ठहरने के लिए आधुनिक रिटायरिंग रूम और डॉरमेटरी तैयार की गई है। इसके अलावा दुकानें और वाहनों के लिए बड़ी पार्किंग व्यवस्था भी विकसित की गई है। रेलवे ने कमर्शियल स्पेस को निजी कंपनियों को उपलब्ध कराने की योजना भी बनाई है। 75 अमृत भारत स्टेशनों के साथ होगा लोकार्पण 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशभर के 75 अमृत भारत स्टेशनों का एक साथ लोकार्पण करेंगे। राजस्थान के पांच स्टेशन इस सूची में शामिल हैं, जिनमें जैसलमेर रेलवे स्टेशन प्रमुख है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार नया स्टेशन आने वाले समय में जैसलमेर के पर्यटन और यात्री सुविधाओं के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा।