जैसलमेर शहर के पास रेवंत सिंह की ढाणी में एक घर के बाथरूम में कोबरा सांप निकल आया। रात में बाथरूम गए युवक ने कमोड की शीट पर सांप देखा तो परिवार ने दरवाजा बंद कर स्नेक कैचर को सूचना दी। मौके पर पहुंचे साहिल खान ने सांप को रेस्क्यू कर सुरक्षित जंगल में छोड़ा। घटना रात के समय हुई और समय रहते जानकारी मिलने से कोई जनहानि नहीं हुई। बाथरूम में कमोड की शीट पर लिपटा था सांप जानकारी के अनुसार, ढाणी निवासी जुगत सिंह के घर में बीती रात परिवार का एक सदस्य बाथरूम करने के लिए अंदर गया था। जैसे ही उसने लाइट जलाई, कमोड की शीट पर एक काला कोबरा सांप कुंडली मारकर बैठा हुआ दिखाई दिया। सांप को देखते ही युवक के होश उड़ गए और वह तुरंत बाहर भागा। परिवार ने सूझबूझ दिखाते हुए तत्काल बाथरूम का दरवाजा बंद कर दिया और वन्यजीव प्रेमी व स्नेक कैचर साहिल को फोन पर सूचना दी। रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा सूचना मिलने पर स्नेक कैचर साहिल तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने सावधानीपूर्वक कोबरा को रेस्क्यू कर उसे एक सुरक्षित डिब्बे में बंद किया। इसके बाद सांप को आबादी क्षेत्र से दूर जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया गया, तब जाकर परिजनों ने राहत की सांस ली। गर्मी में बिलों से बाहर आ रहे सांप स्नेक कैचर साहिल ने बताया कि इन दिनों जैसलमेर में गर्मी का पारा बढ़ रहा है। गर्मी के कारण सांप ठंडी जगह की तलाश में अपने बिलों से बाहर निकलकर रिहायशी इलाकों में पहुंच रहे हैं। उन्होंने बताया- रात के समय बाथरूम या अंधेरी जगहों पर जाने से पहले लाइट जरूर जलाएं। सांप दिखने पर उसे छेड़ें नहीं और न ही मारने की कोशिश करें और तुरंत विशेषज्ञ या स्नेक कैचर को बुलाएं ताकि सुरक्षित रेस्क्यू किया जा सके।