लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर शनिवार को राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस मौके पर जैसलमेर में रन फॉर यूनिटी निकाली गई। इंडोर स्टेडियम से शुरू हुई दौड़ पुलिस लाइन और डाइट मार्ग होते हुए हनुमान चौराहे पहुंची। ADM नरेंद्रपाल सिंह ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया। समापन पर प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ दिलाई गई। इंडोर स्टेडियम से हनुमान चौराहे तक निकली दौड़ जिला मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत इंडोर स्टेडियम से हुई। यहां अतिरिक्त जिला कलक्टर नरेंद्रपाल सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रन फॉर यूनिटी को रवाना किया। दौड़ में अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी, खिलाड़ी और आमजन शामिल हुए। प्रतिभागी इंडोर स्टेडियम से पुलिस लाइन और डाइट मार्ग होते हुए हनुमान चौराहे पहुंचे। रास्ते में उन्होंने राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। आयोजन में स्कूली विद्यार्थियों और खिलाड़ियों की भागीदारी विशेष रूप से रही। गांधी प्रतिमा के सामने ली एकता की शपथ रन फॉर यूनिटी के समापन पर हनुमान चौराहे पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने कार्यक्रम हुआ। यहां ADM नरेंद्रपाल सिंह ने दौड़ में शामिल सभी प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ दिलाई। प्रतिभागियों ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने के साथ देशवासियों के बीच सद्भाव और भाईचारे की भावना मजबूत करने का संकल्प लिया। विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी भी हुए शामिल कार्यक्रम में मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी महेश कुमार बिस्सा, तहसीलदार फतेह राज, राजीविका के परियोजना प्रबंधक हिम्मत सिंह कविया, जिला रसद अधिकारी सवाईलाल सुथार और मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी रमेश सुथार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। पुलिसकर्मियों ने भी दौड़ में भाग लिया। इसके अलावा विद्यालयों के विद्यार्थी, भारत स्काउट एवं गाइड के सदस्य और बास्केटबॉल अकादमी के खिलाड़ी भी शामिल हुए। बड़ी संख्या में आमजन ने भी दौड़ में हिस्सा लिया। कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता आरती मिश्रा ने किया। राष्ट्रीय एकता दिवस पर हुए इस कार्यक्रम के जरिए सरदार वल्लभभाई पटेल के देश को एकजुट रखने के योगदान को याद किया गया। साथ ही युवाओं और विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एकता, आपसी सद्भाव और देश की अखंडता के महत्व का संदेश दिया गया।