जैसलमेर और साबरमती के बीच चलने वाली ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने कोच की व्यवस्था में बदलाव किया है। अब एक स्लीपर कोच हटाकर उसकी जगह थर्ड एसी इकोनॉमी का कोच लगाया जाएगा। बदलाव के बाद ट्रेन में कुल 19 कोच रहेंगे। नई व्यवस्था नवंबर से अलग-अलग तारीखों पर लागू होगी। इससे थर्ड एसी इकोनॉमी में सीटें बढ़ेंगी, जबकि स्लीपर श्रेणी में सीटें कम हो जाएंगी। थर्ड एसी इकोनॉमी का कोच लगेगा रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 20485/20486 में जैसलमेर से 1 नवंबर और साबरमती से 3 नवंबर से नई कोच व्यवस्था लागू होगी। वहीं, ट्रेन संख्या 20492/20491 में साबरमती से 1 नवंबर और जैसलमेर से 2 नवंबर से एक स्लीपर कोच हटाकर उसकी जगह थर्ड एसी इकोनॉमी का कोच लगाया जाएगा। रेलवे ने यात्रियों की मांग और अलग-अलग श्रेणियों में सीटों की जरूरत को देखते हुए यह फैसला लिया है। इससे उपलब्ध डिब्बों का बेहतर उपयोग हो सकेगा और एसी इकोनॉमी श्रेणी में सफर करने वाले यात्रियों को ज्यादा सीटें मिलेंगी। नवंबर में 10 जोड़ी ट्रेनों में बदलेगी कोच व्यवस्था उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में नवंबर के दौरान कुल 10 जोड़ी ट्रेनों में डिब्बों की व्यवस्था बदली जा रही है। कुछ ट्रेनों में स्लीपर कोच बढ़ाए जाएंगे, जबकि कुछ ट्रेनों में स्लीपर कोच की जगह एसी इकोनॉमी के कोच लगाए जाएंगे। रेलवे ने यात्रियों को टिकट बुक कराने से पहले संबंधित ट्रेन में उपलब्ध श्रेणियों और सीटों की संख्या जांचने की सलाह दी है।