जैसलमेर में तेज गर्मी और लू के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। आसमान से बरसती गर्मी और मौसम विभाग की हीटवेव चेतावनी के बीच बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए जिला कलेक्टर अनुपमा जोरवाल ने स्कूलों के समय में तत्काल बदलाव के आदेश जारी किए हैं। कलेक्टर के आदेशानुसार नर्सरी से लेकर कक्षा 8वीं तक के विद्यार्थियों के लिए स्कूल समय कम कर दिया गया है। अब ये स्कूल सुबह 7:30 बजे से संचालित होंगे और दोपहर 11:00 बजे बच्चों की छुट्टी कर दी जाएगी। यह नया समय सोमवार, 4 मई से लागू होकर इस शिक्षण सत्र की समाप्ति तक प्रभावी रहेगा। यह आदेश सरकारी, निजी और प्ले स्कूलों सहित सभी शिक्षण संस्थानों पर समान रूप से लागू होगा। बड़े छात्रों और परीक्षाओं के समय में कोई बदलाव नहीं प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय केवल छोटे बच्चों के लिए लिया गया है। कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के स्कूल समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है और वे पहले की तरह ही संचालित होंगे। साथ ही जिले में चल रही बोर्ड व अन्य परीक्षाएं भी अपने पूर्व निर्धारित समयानुसार ही आयोजित की जाएंगी। शिक्षकों को पूरे समय रहना होगा उपस्थित भले ही छोटे बच्चों की छुट्टी जल्दी हो जाएगी, लेकिन स्कूल स्टाफ के लिए नियम यथावत रहेंगे। सभी शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों को अपने निर्धारित समय के अनुसार विद्यालय में उपस्थित रहना होगा और बच्चों की छुट्टी के बाद भी अन्य प्रशासनिक व शैक्षणिक कार्य पूरे करने होंगे। नियम तोड़ने पर होगी सख्त कार्रवाई जिला कलेक्टर ने सभी स्कूलों को निर्देशों का सख्ती से पालन करने के आदेश दिए हैं। यदि कोई भी सरकारी या निजी स्कूल इन नियमों का उल्लंघन करता पाया गया, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य बच्चों को दोपहर की तेज धूप और गर्म हवाओं से बचाकर उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।