जाखल क्षेत्र में तेज आंधी और मूसलाधार बारिश हुई। दिनभर की भीषण गर्मी और उमस के बाद अचानक मौसम बदलने से आसमान में काले बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। यह बारिश मेघ गर्जना और आकाशीय बिजली के साथ काफी देर तक जारी रही। धमोरा गांव में बारिश के दौरान तीन से चार बार आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं सामने आईं। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।बुगाला, कारी, भोड़की, धमोरा, रघुनाथपुरा, पोसाना, धोलाखेड़ा, सिंगनोर, मझाऊ, टोडी, दूड़िया, गुढ़ागौड़जी, टीटनवाड़ और सोंथली सहित आसपास के कई गांवों में भी तेज आंधी के साथ अच्छी बारिश दर्ज की गई। ग्रामीणों का मानना है कि पिछले चार दिनों से लगातार हो रही शाम की बारिश मानसून की शुरुआती दस्तक है। तेज आंधी और बारिश से किसानों को खासा नुकसान हुआ है। पोसाना निवासी अंकेश खैरवा ने बताया कि कई खेतों में तैयार खड़ी प्याज और सब्जियों की फसलें प्रभावित हुई हैं। तेज हवाओं के कारण खेतों की मेड़ें टूट गईं और पेड़ उखड़कर गिर पड़े, जिससे ग्रामीण सड़कों पर यातायात भी बाधित हुआ। एहतियात के तौर पर बिजली विभाग ने कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बंद कर दी। तेज हवाओं का असर पक्षियों पर भी देखने को मिला। ग्रामीणों ने बताया कि बारिश से गर्मी से राहत जरूर मिली है, लेकिन फसलों और बिजली व्यवस्था को हुए नुकसान ने उनकी चिंता बढ़ा दी है।