जालोर जिला कलेक्ट्रेट के सामने पिछले पांच दिनों से एक व्यक्ति भाजपा नेता ओबाराम देवासी के खिलाफ धरने पर बैठा हुआ है। धरने पर बैठे व्यक्ति ने आरोप लगाया है कि उसकी जमीन धोखे से हड़प ली गई। वहीं, भाजपा नेता ओबाराम देवासी ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि पूरी राशि का भुगतान किया जा चुका है और मामले का निपटारा पहले ही थाने और लोक अदालत में हो चुका है। 25 बीघा की जगह 47 बीघा की रजिस्ट्री का आरोप धरने पर बैठे भवर सिंह ने बताया - करीब एक साल पहले उसने मूड़ी गांव में 25 बीघा भूमि रमेश के नाम पर ओबाराम देवासी को बेची थी। उनका आरोप है कि इस दौरान धोखे से 47 बीघा भूमि की रजिस्ट्री करा ली गई। इसी से नाराज होकर वह पिछले पांच दिनों से कलेक्ट्रेट के सामने धरने पर बैठकर न्याय की मांग कर रहे हैं। भाजपा नेता बोले- 45 बीघा जमीन खरीदी, पूरा भुगतान किया भाजपा नेता ओबाराम देवासी ने आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि उन्होंने वर्ष 2024 में मूड़ी निवासी भवर सिंह राजपूत से 45 बीघा जमीन उसके पुत्र रमेश के नाम से खरीदी थी और उसका पूरा भुगतान किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि जमीन पर बैंक का जो लोन बकाया था, उसे भी उन्होंने ही चुकाया। पहले भी हो चुका है समझौता, फिर से विवाद खड़ा करने का आरोप देवासी के अनुसार, भवर सिंह ने पहले भी बिशनगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी, लेकिन जांच में एग्रीमेंट के अनुसार ही जमीन की खरीद-फरोख्त सही पाई गई थी। इसके बाद थाने में दोनों पक्षों के बीच लिखित समझौता भी हुआ था। उन्होंने बताया कि बाद में 16 मार्च 2026 को जालोर कोर्ट परिसर में आयोजित लोक अदालत में भी इस मामले को पेश किया गया, जहां आपसी राजीनामा हो गया था। भवर सिंह ने स्वयं लिखित में दावा वापस लेते हुए स्वीकार किया था कि जमीन का पूरा भुगतान मिल चुका है और उन्होंने लोगों के बहकावे में आकर आरोप लगाए थे। कलेक्टर बोले- जांच चल रही है, उचित कार्रवाई होगी जालोर कलेक्टर डॉ. प्रदीप के गवाड़े ने कहा - धरने पर बैठे व्यक्ति से समझाइश की जाएगी। यदि जमीन बिक्री में किसी प्रकार की धोखाधड़ी सामने आती है तो इसकी जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल प्रशासन दोनों पक्षों की बात सुनकर मामले को सुलझाने की कोशिश कर रहा है।