माली समाज सोलंकी लायसा परिवार सेवा संस्थान जालोर द्वारा संचालित श्री क्षेमंकरी माताजी मंदिर के दसवें वार्षिक महोत्सव को लेकर बुधवार को एक महत्वपूर्ण बैठक संस्था अध्यक्ष जुटाराम सोलंकी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में महोत्सव की तैयारियों, व्यवस्थाओं एवं विभिन्न कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। 14 मई भजन संध्या संस्था मंत्री एडवोकेट सुरेश सोलंकी ने जानकारी देते हुए बताया कि संस्थान की ओर से 14 मई की रात्रि में भव्य भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रसिद्ध भजन कलाकारों द्वारा माताजी के भजनों की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। साथ ही मंदिर विकास एवं धार्मिक कार्यों लिए चढ़ावों की बोलियां भी बोली जाएगी और समस्त श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसादी की व्यवस्था रहेगी। ध्वजा चढ़ाई जाएगी उन्होंने बताया कि 15 मई को सुबह लाभार्थी परिवार द्वारा मंदिर शिखर पर विधि-विधान के साथ ध्वजा चढ़ाई जाएगी। इसके पश्चात मंदिर प्रांगण में नवनिर्मित हॉल, भोजनशाला एवं ओपन रसोड़े का लोकार्पण समारोह आयोजित होगा। कार्यक्रम में संत-महात्माओं का सानिध्य प्राप्त होगा और महोत्सव के लाभार्थियों एवं सहयोगकर्ताओं का बहुमान भी किया जाएगा। महोत्सव के दौरान समाज के गणमान्य नागरिकों, भामाशाहों एवं श्रद्धालुओं की उपस्थिति रहेगी। बैठक में महोत्सव को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने लिए परिवार एवं संस्थान के सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई और सभी कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया गया। बैठक में मोहनलाल माली, दिलीप सोलंकी, कमलेश सोलंकी, लच्छीराम, छोगालाल, तेजाराम सोलंकी, धुखाराम, पूराराम सोलंकी, पन्नालाल सोलंकी, रमेश सोलंकी, राजूराम, गिरधारी, कालूराम, महेंद्र, भंवरलाल,हुकमीचंद सोलंकी व नरेंद्र सहित अनेक कार्यकर्ता एवं समाजबंधु उपस्थित रहे।