जालोर के मांडवला ग्राम पंचायत मांडवला क्षेत्र में विद्युत विभाग की लापरवाही किसानों की जान पर भारी पड़ सकती है। मांडवला 33 केवी जीएसएस से संचालित निम्बलाना फीडर की विद्युत लाइन एक कृषि भूमि के ऊपर महज दो फीट की ऊंचाई पर लटक रही है। ऐसे में खेत में कृषि कार्य करने वाले किसानों, ट्रैक्टर चालकों और अन्य कृषि उपकरणों के लिए हर समय हादसे का खतरा बना हुआ है। पीड़ित किसान ने बताया कि इस संबंध में उम्मेदाबाद के सहायक अभियंता (एईएन) को पिछले चार महीनों के दौरान कई बार लिखित एवं मौखिक शिकायतें दी गईं, लेकिन विभाग ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। किसान का आरोप है कि लाइन में शॉर्ट सर्किट होने से दो बार उसकी फसल जलकर राख हो चुकी है, जिससे उसे भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। ग्रामीणों का कहना है कि खेत के बीच से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की ऊंचाई बेहद कम होने के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। यदि समय रहते लाइन को सुरक्षित ऊंचाई पर नहीं किया गया तो किसी की जान भी जा सकती है। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से तत्काल लाइन को निर्धारित सुरक्षित ऊंचाई पर कराने, किसानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और मामले में लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि शीघ्र समाधान नहीं होने पर ग्रामीण विद्युत विभाग के खिलाफ आंदोलन करने को मजबूर होंगे।