जालोर में सायला और बिशनगढ़ थाना पुलिस ने दो अलग-अलग बड़ी कार्रवाइयों में एमडी (MD) और स्मैक बरामद की है। सायला क्षेत्र में जहां दूध की आड़ में चल रही एमडी बनाने की अवैध फैक्ट्री को पकड़ा, वहीं बिशनगढ़ पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान दो स्मैक तस्करों को गिरफ्तार किया। दोनों मामलों में आरोपियों को पकड़कर पूछताछ शुरू कर दी गई है और पूरे सप्लाई नेटवर्क की गहराई से जांच की जा रही है। दूध की आड़ में चल रही थी एमडी बनाने की अवैध लैब पहली बड़ी कार्रवाई सायला थाना पुलिस द्वारा की गई, जहां एएनटीएफ चौकी से मिली सूचना के आधार पर थानाधिकारी सुरेंद्रसिंह के नेतृत्व में टीम ने आसाणा गांव में अशोक कुमार उर्फ ओखाराम पुरोहित के घर पर दबिश दी। आरोपी लंबे समय से दूध बेचने के काम की आड़ में अवैध रूप से एमडी ड्रग्स तैयार करने का काम कर रहा था। पुलिस को मौके से 101.5 ग्राम एमडी, 90,800 रुपए नकद और ड्रग्स बनाने में इस्तेमाल होने वाले केमिकल व उपकरण बरामद हुए हैं। हालांकि पुलिस कार्रवाई की भनक लगते ही आरोपी अशोक कुमार मौके से फरार हो गया। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। इस मामले का अनुसंधान बिशनगढ़ थानाधिकारी द्वारा किया जा रहा है। बिशनगढ़ पुलिस ने नाकाबंदी में पकड़े दो स्मैक तस्कर दूसरी कार्रवाई बिशनगढ़ थाना पुलिस ने उम्मेदाबाद सरहद पर नाकाबंदी के दौरान की, जहां एक बाइक पर सवार दो युवकों को रोका गया। थानाधिकारी मनोज कुमार के नेतृत्व में की गई जांच में दोनों की तलाशी ली गई, जिसमें राजुराम वाल्मीकी (26) के पास से 10.58 ग्राम और श्रवण कुमार सोनी (27) के पास से 11 ग्राम स्मैक (हेरोइन) बरामद हुई। पुलिस ने कुल 21.58 ग्राम स्मैक के साथ तस्करी में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनसे पूछताछ जारी है। पुलिस की नजर अब पूरे सप्लाई नेटवर्क पर, बड़े खुलासों की संभावना दोनों मामलों के बाद पुलिस अब मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त के पूरे नेटवर्क और इनके मुख्य स्रोतों का पता लगाने में जुटी है। अधिकारियों का मानना है कि इन कार्रवाइयों से जिले में सक्रिय नशा तस्करी गिरोहों पर बड़ा असर पड़ेगा और आगे और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।