शहर में भगवान परशुराम जयंती पर ब्राह्मण समाज ने शोभायात्रा निकाली। इस शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पूरे मार्ग में शहर वासियों ने फूल बरसाकर शोभायात्रा का स्वागत किया। शोभायात्रा का आगाज सुबह 11 बजे सूरज पोल स्थित जबरनाथ महादेव मंदिर से हुआ। गाजे-बाजे और भगवान परशुराम के जयकारों के साथ भक्त नाचते-गाते रवाना हुए। शोभायात्रा में सबसे आगे 40 बाइकों पर सवार युवा हाथों में धर्म ध्वजा लिए और जयघोष करते हुए चल रहे थे, जो आकर्षण का मुख्य केंद्र रहे। मंदिर से शुरू होकर यह शोभायात्रा शहर के गांधी चौक, सदर बाजार, बड़ी पोल, पंचायत समिति व राजेन्द्र नगर होकर विजय पेराडाइस पहुंची। कई स्थानों पर समाज सेवियों द्वारा ठंडे पानी और जूस की विशेष व्यवस्था भी की गई थी। विजय पैराडाइज में सम्मान समारोह शोभायात्रा का समापन आहोर रोड स्थित विजय पैराडाइज में हुआ। यहां आयोजित मुख्य समारोह में कार्यक्रम को सफल बनाने वाले कार्यकर्ताओं और सहयोग करने वाले भामाशाह परिवारों का समाज की ओर से बहुमान किया गया। वक्ताओं ने भगवान परशुराम के जीवन आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए समाज में एकजुटता का संदेश दिया।