जालोर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने दो अलग-अलग बड़ी कार्रवाई की। कोतवाली थाना पुलिस ने 145 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि बिशनगढ़ थाना पुलिस ने नरसाणा गांव में सुनार की दुकान में हुई नकबजनी का पर्दाफाश करते हुए दो वांछित आरोपियों को अहमदाबाद से गिरफ्तार किया। तलाशी में मिली स्मैक कोतवाली थाना पुलिस ने थानाधिकारी रामेश्वर भाटी के नेतृत्व में 19 जुलाई को रामपुरा कॉलोनी, गोडीजी स्थित गणपतलाल पुत्र गोपाराम माली के मकान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान कागज के पैकेट सहित कुल 145 ग्राम स्मैक बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में आठ प्रकरण दर्ज हैं, जिनमें एनडीपीएस एक्ट के चार मामले शामिल हैं। वह एनडीपीएस एक्ट के दो मामलों में वांछित चल रहा था। चोरी के आरोपी गुजरात से पकड़े वहीं बिशनगढ़ थाना पुलिस ने नरसाणा गांव में सुनार की दुकान के ताले तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने के मामले में डायाराम देवासी निवासी नरसाणा और श्रवण कुमार लौहार निवासी राउता को गिरफ्तार किया। पुलिस टीम ने करीब 1000 किलोमीटर तक पीछा कर दोनों आरोपियों को अहमदाबाद से पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने आसाणा, पांथेडी, सायला, वीराणा, थलवाड़, ओटवाला, धोरा ढाणी, उम्मेदाबाद और नरसाणा सहित एक दर्जन से अधिक गांवों में नकबजनी की वारदात करना स्वीकार किया है। पुलिस दोनों मामलों में आगे की जांच कर रही है।