राजस्थान पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चल रहे 'महिला सुरक्षा संकल्प अभियान' के तहत गुरुवार शाम जालोर जिला पुलिस ने महिला पुलिसकर्मियों के साथ संवाद और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इसके बाद शहर में रैली निकालकर महिला सुरक्षा का संकल्प लिया गया। पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह इंदौलिया के निर्देशन में हुए इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। महिला सुरक्षा कानूनों की दी जानकारी कार्यक्रम में जिले की महिला पुलिसकर्मियों ने भाग लिया। इस दौरान महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े कानूनों, पुलिस की विभिन्न सुरक्षा योजनाओं और संवेदनशील मामलों में प्रभावी कार्रवाई की जानकारी दी गई। महिला सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन गरिमा, बच्चों की सुरक्षा से जुड़े पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) और बच्चों को गुड टच-बैड टच के बारे में जागरूक करने पर विशेष जोर दिया गया। आत्मरक्षा और राजकॉप एप के बारे में बताया कार्यक्रम में महिला पुलिसकर्मियों को आपात स्थिति में खुद की सुरक्षा के लिए आत्मरक्षा की बुनियादी तकनीकों की जानकारी भी दी गई। साथ ही डिजिटल सुरक्षा के तहत महिलाओं को तुरंत पुलिस सहायता उपलब्ध कराने वाले राजकॉप सिटीजन एप को डाउनलोड करने और उसका उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। हेल्पलाइन नंबरों की भी दी जानकारी कार्यक्रम के दौरान 24 घंटे संचालित महिला गरिमा हेल्पलाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी की शिकायत के लिए साइबर हेल्पलाइन 1930 के उपयोग की जानकारी भी दी गई।