जालोर रेलवे स्टेशन की पार्किंग से मनमानी वसूली के मामले में संचालक ठेकेदार पर 10 हजार का जुर्माना लगाया गया है। यहां निर्धारित दरों को ताक पर रखकर अवैध तरीके से राशि वसूली जा रही थी। शिकायत होने पर डीआरएम अनुराग त्रिपाठी के निर्देश पर निरीक्षक टीम ने पार्किंग स्थल का औचक निरीक्षण किया था। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया- यात्रियों की ओर से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि जालोर स्टेशन पर निर्धारित दर से अधिक पैसे वसूले जा रहे हैं। पार्किंग नियमों का उल्लंघन किया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआरएम के निर्देश पर निरीक्षकों की एक टीम गठित की गई। टीम ने पार्किंग स्थल का औचक निरीक्षण किया, जिसमें मामला उजागर हो गया। जांच में खुली पोल निरीक्षण के दौरान टीम ने पाया कि पार्किंग स्थल पर निर्धारित रेट लिस्ट (दर सूची) का पालन नहीं किया जा रहा। नियमों को ताक पर रखकर यात्रियों से मनमाना शुल्क वसूला जा रहा था। पार्किंग प्रबंधन में अन्य कई तकनीकी और विधिक खामियां पाई गईं थी। इन अनियमितताओं की पुष्टि होने पर रेलवे ने तुरंत प्रभाव से ठेकेदार के खिलाफ 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाने के आदेश जारी किए। कड़ी कार्रवाई की चेतावनी सीनियर डीसीएम ने कहा- यात्रियों का शोषण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मंडल के सभी स्टेशनों पर पार्किंग व्यवस्था की नियमित निगरानी की जा रही है। यात्रियों से तय दर से अधिक शुल्क वसूलना अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन है। यदि भविष्य में दोबारा ऐसी शिकायतें मिलीं तो जुर्माना बढ़ाने के साथ-साथ ठेकेदार का अनुबंध (कन्ट्रैक्ट) निरस्त करने की कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी। यह खबर भी पढ़ें 50 रुपए के पार्किंग शुल्क को लेकर विवाद, मारपीट:कार मालिक के सिर से खून निकला, बहन और भाई को छोड़ने आया था स्टेशन पाली के रानी रेलवे स्टेशन पर देर रात पार्किंग शुल्क को लेकर विवाद हो गया। पार्किंग कर्मचारी ने कार मालिक से पहले पार्किंग शुल्क देने और बाद में सामान कार से निकालने की बात कहीं, जिसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी हुई जो मारपीट में बदल गई। झगड़े में कार मालिक के सिर से खून निकलने लगा। घटना बुधवार रात 10.45 बजे की है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। (पढ़ें पूरी खबर)