जालोर के सुभाष नगर, वाडिया कॉलोनी और वार्ड संख्या 2, 3 व 4 की महिलाओं ने गुरुवार को पेयजल संकट को लेकर जिला कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार पर मटकियां फोड़कर विरोध प्रदर्शन किया। महिलाओं का आरोप है कि कई इलाकों में 8 से 10 दिन के अंतराल में पानी की सप्लाई हो रही है और वह भी पर्याप्त मात्रा में नहीं मिल रही। नियमित पेयजल आपूर्ति की मांग को लेकर महिलाओं ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान की मांग की। 8 से 10 दिन में एक बार मिल रहा पानी गौड़ीजी निवासी सौरम देवी ने बताया कि सुभाष नगर, वाडिया कॉलोनी सहित कई क्षेत्रों में 8 से 10 दिन में एक बार पानी की सप्लाई हो रही है। सप्लाई के दौरान भी पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं मिल पाता, जिससे लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। बिजली कटौती से बढ़ रही परेशानी महिलाओं ने बताया कि कई बार पानी सप्लाई के समय बिजली कटौती हो जाती है। ऐसे में लोग उपलब्ध पानी भी नहीं भर पाते और उन्हें अगली सप्लाई का इंतजार करना पड़ता है। 600 से 800 रुपए में मंगवाने पड़ रहे टैंकर महिलाओं का कहना है कि पेयजल संकट के कारण उन्हें निजी टैंकरों से पानी मंगवाना पड़ रहा है। इसके लिए 600 से 800 रुपए तक खर्च करने पड़ रहे हैं, जिससे घरेलू बजट पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने बताया कि इस संबंध में जलदाय विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों को कई बार शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है। कलेक्ट्रेट पहुंचकर किया विरोध प्रदर्शन समस्या से नाराज बड़ी संख्या में महिलाएं खाली मटकियां लेकर जिला कलेक्ट्रेट पहुंचीं और मुख्य चैनल गेट के सामने मटकियां फोड़कर विरोध जताया। इसके बाद महिलाओं ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर नियमित और पर्याप्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही पेयजल व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।