जसनगर कस्बे में शनिवार शाम अचानक मौसम बदल गया। दिनभर की उमस और गर्मी के बाद शाम तेज हवाएं चलीं, जो जल्द ही धूलभरी आंधी में बदल गईं। इसके बाद तेज गर्जना और आकाशीय बिजली के साथ बारिश शुरू हो गई। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन कई स्थानों पर मुश्किलें भी बढ़ीं। तेज हवाओं के कारण कस्बे में लगे कई टेंट-पंडाल और अस्थायी ढांचे हिलने लगे। अचानक मौसम बिगड़ने से लोगों को सुरक्षित जगहों पर जाना पड़ा। इन दिनों शादी-विवाह का सीजन होने के कारण खुले स्थानों पर लगे पंडालों, लाइटिंग और साउंड सिस्टम को नुकसान पहुंचने की आशंका है। आंधी और बारिश के कारण कस्बे के कुछ इलाकों में बिजली आपूर्ति भी बाधित हुई, जिससे लोगों को अंधेरे में रहना पड़ा। कई सड़कों पर पानी भर जाने से आवाजाही भी कुछ समय के लिए रुक गया। अचानक बदले इस मौसम से किसानों की चिंताएं भी बढ़ गई हैं।