राजस्थान के बालोतरा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पचपदरा रिफाइनरी का उद्घाटन के दौरान अलग- अलग विभागों में चयनित 5 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस दौरान पीएम ने मनोज कुमार को भी राजस्थान सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भर्ती-2024 में चयन होने पर नियुक्ति पत्र सौंपा। उनकी इस उपलब्धि पर श्री राणी भटियाणी मंदिर संस्थान, जसोल ने सम्मान समारोह आयोजित कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। श्री राणी भटियाणी मंदिर संस्थान, जसोल में सोमवार को सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस समारोह में विद्यार्थी मनोज कुमार के राजस्थान सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भर्ती-2024 में चयनित होने पर संस्थान के प्रवक्ता हरिशचंद्र सिंह जसोल ने उनका सम्मान किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। आर्थिक अभाव के बावजूद नहीं छोड़ा लक्ष्य का साथ हरिशचंद्र सिंह जसोल ने कहा कि मनोज कुमार की सफलता यह साबित करती है कि सीमित संसाधन कभी भी प्रतिभा के रास्ते की बाधा नहीं बनते। यदि किसी विद्यार्थी में अनुशासन, निरंतर मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण हो तो सफलता निश्चित रूप से मिलती है। उन्होंने बताया कि मनोज कुमार आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आते हैं। उनके पिता रिक्शा चालक हैं, लेकिन कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने अपने सपनों से समझौता नहीं किया और लगातार प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी जारी रखी। संस्थान और एकेडमी ने दिया हरसंभव सहयोग मनोज कुमार की तैयारी को बेहतर बनाने के लिए श्री राणी भटियाणी मंदिर संस्थान, जसोल ने जयपुर में उनके रहने और भोजन की व्यवस्था की। वहीं एक संस्था से जुड़े एक निजी कोचिंग संस्था ने उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क कोचिंग और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया। इस सहयोग से मनोज पूरी एकाग्रता के साथ अपनी पढ़ाई और तैयारी पर ध्यान केंद्रित कर सके। दो बार आरएएस प्री परीक्षा पास कर चुके हैं मनोज कुमार हरिशचंद्र सिंह जसोल ने बताया कि मनोज कुमार केवल सरकारी नौकरी तक ही सीमित नहीं रहना चाहते। उन्होंने अब तक दो बार राजस्थान प्रशासनिक एवं अधीनस्थ सेवा (आरएएस) की प्रारंभिक परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण की है और मुख्य परीक्षा में भी शामिल हो चुके हैं। वर्तमान में वे आरएएस और आईएएस जैसी प्रतिष्ठित सेवाओं में चयन के लक्ष्य के साथ नियमित अध्ययन कर रहे हैं। 40 से अधिक युवाओं को मिल चुकी है सरकारी नौकरी संस्थान के अनुसार, श्री राणी भटियाणी मंदिर संस्थान, जसोल के माध्यम से अब तक 40 से अधिक विद्यार्थियों का विभिन्न सरकारी सेवाओं में चयन हो चुका है। वर्तमान में करीब 30 विद्यार्थी जयपुर में रहकर विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी विद्यार्थियों के लिए संचालित है छात्रवृत्ति योजना हरिशचंद्र सिंह जसोल ने बताया कि आरएएस/आईएएस छात्रवृत्ति योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की गुणवत्तापूर्ण तैयारी का अवसर उपलब्ध कराना है। योजना के तहत चयनित विद्यार्थियों को आवास और भोजन की सुविधा श्री राणी भटियाणी मंदिर संस्थान, जसोल उपलब्ध कराता है। श्री राणी भटियाणी मंदिर संस्थान, जसोल शिक्षा, संस्कार, समाजसेवा और प्रतिभा संवर्धन के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रहा है। संस्थान का लक्ष्य जरूरतमंद और मेधावी युवाओं को संसाधन, मार्गदर्शन और अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के साथ राष्ट्रसेवा के लिए तैयार करना है।