उदयपुर जिले में तेज रफ्तार कार मंगलवार दोपहर को बेकाबू होकर पुलिया से करीब 10 फीट गहरे गड्ढे में जारी गिरी। हादसे में दो दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। लोगों की सूचना के बाद एंबुलेंस ने मौके पर पहुंचकर दोनों को गोगुंदा अस्पताल पहुंचाया, जहां से डॉक्टर्स ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। हादसा गोगुंदा थाना क्षेत्र के जसवंतगढ़-नांदेशमा रोड पर सुथार मादड़ा गांव के पास मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे की है। घायल कार सवार गोगुंदा के नांदेशमा गांव निवासी भगवान(55) पुत्र चुन्नीलाल सिंघवी और मीठालाल(59) पुत्र भंवरलाल बंबोरी दोनों मुंबई में किराना व्यापारी हैं। पहले देखिए, घटना से जुड़ी ये PHOTO'S मुंबई से किसी पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे दोनों जानकारी के मुताबिक, दोनों प्रवासी व्यापारी मुंबई से किसी पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए नांदेशमा आए हुए थे। दोनों कार से सुबह 11 बजे नांदेशमा गांव से गोगुंदा के लिए निकले थे। फिर रास्ते में किसी परिचित के यहां रुक गए, जहां से दोपहर को दोनों गोगुंदा के लिए रवाना हो गए। नांदेशमा और गोगुंदा की दूरी 20 किलोमीटर है। दोपहर करीब 2 बजे रास्ते में जसवंतगढ़-नांदेशमा रोड पर सुथार मादड़ा गांव के पास तेज स्पीड में कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस के पायलट भंवर सिंह झाला और ईएमटी महावीर मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की सहायता से दोनों घायलों को क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकाला गया। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से दोनों को गोगुंदा अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उदयपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, नहीं तो बड़ा हादसा हो जाता। इनपुट: गोपाल लोढ़ा, गोगुंदा