जेडीए दस्ते ने पत्थर की पट्टियां लगाकर व तारबंदी से किए कब्जे हटाए। इंफ्रा रिपोर्टर . जोधपुर | ग्राम चौखा में जेडीए ने सोमवार को अतिक्रमण हटाने और अवैध निर्माण रोकने की कार्रवाई की। जेडीए आयुक्त राहुल जैन के निर्देश पर प्रवर्तन शाखा व अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने जेडीए की भूमि पर पत्थर की पट्टियां लगाकर और तारबंदी कर किए गए अतिक्रमण को ध्वस्त किया। जेडीए सचिव चंचल वर्मा के आदेश पर तहसीलदार जोन-4 के नेतृत्व में टीम ने मौका निरीक्षण किया। उपायुक्त जोन-4 अदिति पुरोहित के आदेश पर अतिक्रमण हटाया गया। चौखा में चल रहे अवैध निर्माण को भी बंद करवाकर निर्माण में इस्तेमाल होने वाले औजार जब्त किए गए। इसी प्रकार उपायुक्त जोन-3 कैलाश इनाणिया के आदेश पर टीम ने पूर्वी पाल योजना के सेक्टर-जी का निरीक्षण किया। यहां भूखंडों और सड़क पर तारबंदी कर जेसीबी से भूमि समतलीकरण किया जा रहा था। टीम ने मौके पर काम बंद करवा दिया।