नेशनल टेस्टिंग एंजेसी ने जेईई मेन अप्रैल सेशन की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए महत्वपूर्ण पहल करते हुए परीक्षा की विस्तृत टाइमलाइन और उपस्थिति के आंकड़े जारी कर दिए हैं। जारी कार्यक्रम के अनुसार 11 अप्रैल शनिवार को अभ्यर्थियों की रिकॉर्डेड रिस्पॉन्स शीट्स और प्रोविजनल आंसर-की जारी की जाएगी। इसके बाद छात्रों को निर्धारित समय सीमा में आंसर की पर आपत्तियां दर्ज कराने का अवसर मिलेगा। इस दौरान स्टूडेंटस किसी भी प्रश्न के उत्तर पर अपनी आपत्ति दर्ज करवा सकेंगे। एनटीए के अनुसार 20 अप्रैल को बीई/बीटेक का परिणाम घोषित किया जाएगा। इसी के साथ ऑल इंडिया रैंक और जेईई एडवांस के लिए क्वालिफाइंग कटऑफ भी जारी कर दी जाएगी। एजुकेशन एक्सपर्ट देव शर्मा ने बताया कि इस बार परीक्षा में उपस्थिति बेहतर रही। बीई/बीटेक पेपर में 93% जबकि बी-आर्क/बी-प्लानिंग में 73% स्टूडेंटस परीक्षा में शामिल हुए। इस बार अंतरराष्ट्रीय स्टूडेंटस की संख्या 4,229 रही। जेईई-मेन अप्रैल सेशन का आयोजन देश के 314 शहरों में 566 परीक्षा केंद्रों पर किया गया, वहीं 14 अंतरराष्ट्रीय शहरों में भी परीक्षा आयोजित हुई। एनटीए की ओर पहली बार इस तरह की विस्तृत टाइमलाइन जारी करने को छात्रों के लिए पारदर्शिता की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।