कस्बे में एक पखवाड़ा पहले सर्राफा व्यापारी की हत्या कर लूट की वारदात के खुलासे की पुलिस की डेडलाइन बुधवार को थी, लेकिन खुलासा होने से पहले ही देर रात करीब 12:30 बजे अज्ञात नकाबपोश बदमाश ने पुलिस को खुली चुनौती दे दी। पुलिस थाने से महज 100 मीटर दूर सिंधी तिराहा स्थित एक सर्राफा दुकान का शटर तोड़कर करीब 10 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर चोरी कर फरार हो गया। घटना की सूचना पर सीओ अमरसिंह राठौड़ के नेतृत्व में पुलिस मौके पर पहुंची। जिला एफएसएल व डॉग स्क्वायड टीम के साथ आसपास लगे सीसीटीवी खंगाले गए, लेकिन देर रात तक बदमाश का कोई सुराग नहीं लग सका। वहीं एसपी ने दो एएसआई और एक हैड कांस्टेबल को सस्पेंड कर दिया है। जानकारी के अनुसार कस्बा निवासी महेश बंसल देर शाम अपनी बंसल ज्वैलर्स दुकान बंद कर घर गए थे। रात में बदमाश ने शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया और अलमारी का ताला तोड़कर जेवर चोरी कर लिए। गुरुवार सुबह करीब 4 बजे पड़ोसी दुकानदार की सूचना पर घटना का पता चला। समाचार लिखे जाने तक मामला दर्ज नहीं हुआ था। बदमाश ने पहले बल्ब फोड़े फिर जैक लगा शटर को उठा दिया सीसीटीवी फुटेज में रात 12:34 से 2:28 बजे के बीच नकाबपोश बदमाश वारदात से पहले इलाके की रेकी करता नजर आया। इस दौरान उसने लाठी से सर्राफा दुकान सहित आसपास की एक दर्जन से अधिक दुकानों व मकानों के सीसीटीवी कैमरों से छेड़छाड़ की। हैरानी की बात यह रही कि इतनी देर तक गतिविधि के बावजूद पुलिस को भनक तक नहीं लगी। बदमाश ने पहले गली के बिजली बल्ब तोड़े, फिर लोहे की सरिया से शटर उठाकर जैक लगाया। शटर को ऊपर कर लकड़ी के गिट्टे लगाए और अंदर घुस गया। पूछताछ के लिए थाने आए युवक की बाइक हुई चोरी गुरुवार शाम पुलिस थाने के ठीक सामने से अज्ञात चोर एक शिक्षक की बाइक चोरी कर ले गया। ईसापुर कटारा निवासी मुकुट सिंह पुत्र मोहन सिंह, जो उसेर राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक हैं, अपने भाई मुनेश को लेने नदबई थाने पहुंचे थे। पुलिस मुनेश से पूछताछ के लिए उसे थाने लेकर आई थी। शाम करीब 5 बजे मुकुट सिंह थाने के बाहर बाइक खड़ी कर अंदर गए। पांच घंटे तक धरने पर बैठे व्यापारी, आश्वासन के बाद माने चोरी की वारदात के बाद व्यापारियों और सर्वसमाज का गुस्सा फूट पड़ा। सिंधी तिराहा पर व्यापारियों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क पर बैठकर धरना शुरू कर दिया। व्यापारी पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर करने की मांग पर अड़ गए। मौके पर पहुंचे एडीएसपी बाबूलाल मीणा, धर्मेंद्र यादव, शंकरलाल, वीरेंद्र शर्मा व एसडीएम सचिन यादव ने समझाइश की। बाद में विधायक जगत सिंह ने मोबाइल से व्यापार महासंघ पदाधिकारियों से वार्ता कर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई के आश्वासन पर पांच घंटे बाद धरना समाप्त किया। इधर, हत्या व चोरी के मामलों में पुलिस की कार्रवाई से नाराज एक युवक सुरजीत सिंह पानी की टंकी पर चढ़ गया, जिसे बाद में समझाइश कर नीचे उतारा गया। ज्वैलर हत्याकांड में 14 सदस्यीय एसआईटी करेगी जांच नदबई में एक पखवाड़े पहले सर्राफा व्यापारी की गोली मारकर हत्या के मामले की जांच को लेकर आईजी कैलाश बिश्नोई ने पुलिस अधीक्षक दिगंत आनंद के नेतृत्व में 14 सदस्यीय एसआईटी टीम का गठन किया। एसआईटी टीम में एडिशनल एसपी धर्मेंद्र सिंह, बाबूलाल मीणा, पुलिस को अमर सिंह राठौड़, वीरेंद्र शर्मा व खलील अहमद, थाना प्रभारी अरुण सिंह, सीआई मनीष शर्मा, भरतपुर डीएसटी प्रभारी मुकेश, डीग डीएसटी प्रभारी वीरेंद्र सिंह, साइबर स्पेशलिस्ट अजीत मोगा, एएसआई पदम सिंह, राजेश व हुकुम सिंह एवं हेड कांस्टेबल अजब सिंह को शामिल किया गया। इससे पहले एसपी दिगंत आनंद ने देर रात चोरी की वारदात के बाद रात्रि गस्त में लापरवाही मानते हुए एएसआई मानसिंह व रमेश जाटव एवं आरएसी हेड कांस्टेबल राजवीर सिंह को सस्पेंड भी किया गया।