झालावाड़ में अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर रोडवेज परिसर में जिला ट्रेड यूनियन कौंसिल झालावाड़ ने एक कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान झंडारोहण किया गया और श्रमिकों ने केंद्र सरकार के श्रमिक विरोधी कोड रद्द करने की मांग उठाई। कार्यक्रम की शुरुआत रोडवेज एम्पलाइज यूनियन (एटक) द्वारा झंडारोहण से हुई। कौंसिल के महासचिव महेंद्र कुमार जैन ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद उपस्थित श्रमिकों ने "मई दिवस जिंदाबाद", "मजदूर एकता जिंदाबाद" और "श्रमिक विरोधी श्रमिक कोड रद्द करो" जैसे नारे लगाए। सभा को संबोधित करते हुए कौंसिल के अध्यक्ष बच्चूलाल एडवोकेट ने कहा कि देश का मजदूर वर्ग आज जटिल परिस्थितियों का सामना कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व पीढ़ियों के संघर्ष से प्राप्त श्रमिक अधिकारों को वर्तमान सरकार श्रम सुधारों के नाम पर लागू किए गए श्रमिक कोड के माध्यम से कमजोर कर रही है। उन्होंने श्रमिकों से एकजुट होकर आंदोलन चलाने का आह्वान किया। कौंसिल के महासचिव महेंद्र कुमार जैन ने भी मजदूर एकता को मजबूत करने पर जोर दिया। सभा को रोडवेज एम्पलाइज यूनियन (एटक) के सचिव महमूद अहमद, सेवानिवृत्त रोडवेज यूनियन के जिलाध्यक्ष लियाकत खान, वरिष्ठ पदाधिकारी छीतरलाल श्रंगी, बैंक यूनियन एआईबीईए के कोषाध्यक्ष प्रवीण माली और भूमि विकास बैंक सेवानिवृत्त यूनियन के सुनील कानावत सहित कई अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में धर्मचंद जैन, राकेश शर्मा, सहदेव सिंह, युवराज सिंह, नानूराम लोधा, श्रीनाथ नरसल, हामिद, अब्दुल हनीफ, महावीर सिंह, महेंद्र गोयल, अहफाज अली, अयूब खान सहित बड़ी संख्या में रोडवेज कर्मी उपस्थित रहे। सभा का संचालन राजकुमार जैन ने किया और अंत में सभी का आभार व्यक्त किया गया। सभा में केंद्र सरकार से चार श्रम संहिताएं वापस लेने, भारतीय श्रम सम्मेलन बुलाने, विभिन्न संस्थानों में रिक्त पदों को भरने और वर्षों से कार्यरत संविदा कर्मियों को नियमित करने की मांग की गई। यह भी बताया गया कि मजदूर दिवस पर प्रत्येक कार्यस्थल पर वैतनिक अवकाश दिया जाता है और काम के लिए कोई दबाव नहीं बनाया जा सकता।