झालावाड़ में 11 और 13 जुलाई को दो महत्वपूर्ण आयोजन होंगे। 11 जुलाई को सैनिक विश्राम गृह में पूर्व सैनिकों, वीरांगनाओं और उनके आश्रितों की समस्याओं के समाधान के लिए विशेष शिविर लगाया जाएगा, जबकि 13 जुलाई को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में पीएम नेशनल अप्रेंटिसशिप मेले का आयोजन होगा। दोनों आयोजनों का उद्देश्य क्रमशः पूर्व सैनिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना और युवाओं को रोजगार से जोड़ना है। पूर्व सैनिकों के लिए समस्या समाधान शिविर जिला सैनिक कल्याण अधिकारी, कोटा के तत्वावधान में 11 जुलाई को प्रातः 11 बजे झालावाड़ के सैनिक विश्राम गृह में समस्या समाधान शिविर आयोजित किया जाएगा। इसमें जिले के सभी पूर्व सैनिक, वीरांगनाएं (विधवाएं) और उनके आश्रित भाग ले सकेंगे। शिविर का उद्देश्य पूर्व सैनिकों, वीरांगनाओं और उनके आश्रितों की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याओं का मौके पर ही समाधान करना है। साथ ही उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन और सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी। ये दस्तावेज साथ लाना जरूरी जिला सैनिक कल्याण अधिकारी ने सभी पेंशनरों, पूर्व सैनिकों और वीरांगनाओं से अपील की है कि वे शिविर में डिस्चार्ज बुक, पीपीओ, पहचान पत्र तथा अन्य आवश्यक मूल दस्तावेज साथ लेकर आएं, ताकि उनकी समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण किया जा सके। 13 जुलाई को लगेगा पीएम नेशनल अप्रेंटिसशिप मेला कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार 13 जुलाई को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), झालावाड़ में पीएम नेशनल अप्रेंटिसशिप मेले का आयोजन किया जाएगा। मेला सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा, जिसमें विभिन्न प्रतिष्ठानों और उद्योगों द्वारा युवाओं को अप्रेंटिसशिप के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। अभ्यर्थी ये दस्तावेज लेकर पहुंचें आईटीआई के उपनिदेशक पीसी गुप्ता ने बताया कि मेले में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों को अपने साथ बायोडाटा की तीन प्रतियां, तीन पासपोर्ट आकार के रंगीन फोटो, आधार कार्ड, दसवीं की अंकतालिका, आईटीआई उत्तीर्ण की अंकतालिका तथा प्रमाण-पत्र की छायाप्रतियां लेकर आना अनिवार्य होगा। मौके पर पंजीयन के बाद अभ्यर्थियों की चयन प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
देहदान करने वाले परिवारों का सम्मान, मेडिकल कॉलेज ने जताया आभार झालावाड़ मेडिकल कॉलेज को प्राप्त देहदान के लिए देहदानी परिवारों तथा देहदान जागरूकता में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शाइन इंडिया फाउंडेशन के सदस्यों का जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मान किया। कार्यक्रम संयोजक एवं मेडिकल कॉलेज के एनाटॉमी विभाग के वरिष्ठ आचार्य डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि सम्मान समारोह में स्व. गिरधरी मोटवानी (भवानीमंडी), स्व. राजरानी अदलक्खा (छीपाबड़ौद), डॉ. जे.एल. लोढ़ा (झालावाड़) तथा मानव प्रभु के देहदान के लिए उनके परिजनों एवं संबंधित संस्थाओं को अभिनंदन-पत्र प्रदान किए गए। समारोह का उद्देश्य देहदान जैसी मानवीय पहल को प्रोत्साहित करना और समाज में इसके प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।