झालावाड़ में मजदूर दिवस के अवसर पर श्रमिकों के सम्मान और जरूरतमंद परिवारों की मदद के लिए एक सराहनीय पहल की गई। भारत विकास परिषद शाखा झालावाड़ एवं झाला रानी शाखा के संयुक्त तत्वावधान में भवानी नाट्यशाला में वृहद वस्त्र वितरण कार्यक्रम आयोजित हुआ, जहां एसडीएम अभिषेक चारण की मौजूदगी में ‘सहयोग बैंक’ का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस बैंक के जरिए घरों में रखे अतिरिक्त उपयोगी सामान को एकत्रित कर सम्मानपूर्वक जरूरतमंदों तक पहुंचाया जाएगा। भवानी नाट्यशाला में हुआ आयोजन मजदूर दिवस के मौके पर आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में परिषद पदाधिकारी, सदस्यगण और मातृशक्ति शामिल हुई। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘सहयोग बैंक’ का शुभारंभ रहा, जिसे समाजसेवा की दिशा में एक अभिनव कदम माना जा रहा है। एसडीएम ने की पहल की सराहना मुख्य अतिथि एसडीएम अभिषेक चारण ने परिषद की इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि समाज के जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाने का यह प्रयास अनुकरणीय और प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्य समाज में सकारात्मक बदलाव लाते हैं। सेवा और संस्कार से समाज उत्थान का संकल्प प्रांतीय उपाध्यक्ष मनोज शर्मा ने कहा कि भारत विकास परिषद सेवा और संस्कार के माध्यम से समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने के लिए लगातार प्रतिबद्ध है। परिषद भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्य करती रहेगी। आपसी सहयोग और भाईचारा बढ़ाएगा ‘सहयोग बैंक’ जिला संयोजक उदयभान सिंह ने कहा कि ‘सहयोग बैंक’ जैसी पहल समाज में आपसी सहयोग, भाईचारे और संवेदनशीलता को मजबूत करेगी। यह जरूरतमंदों की मदद के साथ समाज को जोड़ने का माध्यम बनेगी। जरूरतमंदों की सहायता हमारा नैतिक दायित्व अध्यक्ष डॉ. सीताराम पाटीदार ने कहा कि निस्वार्थ भाव से जरूरतमंदों की मदद करना हम सभी का नैतिक दायित्व है। ऐसे आयोजन समाज को नई दिशा और सकारात्मक सोच प्रदान करते हैं। निरंतर सेवा कार्यों को मिलेगी गति कार्यक्रम संयोजक डॉ. राजुल गोयल ने बताया कि इस बैंक के माध्यम से समाज के हर वर्ग को एक सूत्र में जोड़कर सेवा कार्यों को निरंतर गति दी जाएगी। इस प्रकल्प की संयोजक के रूप में भी उन्हें जिम्मेदारी सौंपी गई है। क्या है ‘सहयोग बैंक’? ‘सहयोग बैंक’ एक सामाजिक सेवा प्रकल्प है, जिसके तहत आमजन के घरों में रखे अतिरिक्त और पुराने लेकिन उपयोगी सामान को एकत्रित किया जाएगा। इनमें कपड़े, बर्तन, कृत्रिम आभूषण, बच्चों के खिलौने, कॉपियां और किताबें शामिल हैं। इसके बाद इन वस्तुओं को ससम्मान जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाया जाएगा। ये रहे मौजूद इस अवसर पर कोषाध्यक्ष बृजमोहन शर्मा, संपर्क संयोजक जितेंद्र दाधीच, संस्कार संयोजक शालिग्राम दांगी, महिला सहभागिता प्रमुख सरिता शर्मा सहित प्रवीण भाटिया, एडवोकेट राम विलास, धीरज जोशी, रानी झवर, चेतना गर्ग, अर्चना मालपानी, कांता शर्मा, निर्मला सोमानी, रीना अग्रवाल और निकिता शर्मा समेत परिषद के अनेक गणमान्य सदस्य मौजूद रहे।