झालावाड़ पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने आकाशवाणी केंद्र के पास से स्मैक की तस्करी करते हुए एक महिला तस्कर रवीना को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 179 ग्राम 20 मिलीग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 30 लाख रुपए बताई जा रही है। एसपी अमित कुमार ने बताया कि कोतवाली सीआई मुकेश कुमार मीणा के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने जिला स्पेशल टीम के सहयोग से यह गिरफ्तारी की। गिरफ्तार महिला की पहचान रवीना (24) पत्नी आशीष मीणा के रूप में हुई है। वह मूल रूप से भरतपुर जिले के महताना मोहल्ला उलू कमालपुरा की निवासी है और वर्तमान में अलवर जिले के कटूमर थाना क्षेत्र के भवनपुरा में रह रही थी। पुलिस ने रवीना के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। अवैध मादक पदार्थ स्मैक की खरीद-फरोख्त के स्रोत और तस्करी नेटवर्क के बारे में गहन अनुसंधान किया जा रहा है। इस मामले की जांच सदर थानाधिकारी कर रहे हैं। कोतवाली सीआई मुकेश मीणा ने जानकारी दी कि आरोपी महिला पैदल ही झालावाड़ रेलवे स्टेशन की ओर जा रही थी। वह अकलेरा की तरफ से झालावाड़ आई थी और यहां से करौली जाने के लिए रेलवे स्टेशन जा रही थी। पुलिस जाब्ते को देखकर महिला ने अचानक रास्ता बदलने की कोशिश की, जिससे पुलिस को उस पर शक हुआ। रोकने और तलाशी लेने पर उसके पास से स्मैक बरामद हुई। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि महिला यह स्मैक कहां से लाई थी और किसे देने जा रही थी।