झालावाड़ में महिला कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का जन्मदिन रविवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया। महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष वर्षा शर्मा ने बताया कि यह कार्यक्रम शहर के मंगलपुरा शनि मंदिर क्षेत्र में आयोजित किया गया। इस अवसर पर महिला कांग्रेस की सभी सदस्य एकत्रित हुईं और छोटे बच्चों के साथ केक काटकर गहलोत का जन्मदिन मनाया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को फल भी वितरित किए गए, जिससे उनमें विशेष उत्साह देखा गया। बस्ती में परेशानियां भी सुनी महिला कांग्रेस ने सामाजिक सरोकार निभाते हुए गरीब एवं जरूरतमंद महिलाओं को सेनेटरी पैड भी बांटे। इसी दौरान बस्ती की महिलाओं ने महिला कांग्रेस पदाधिकारियों को क्षेत्र में गंदे पानी और बिजली की समस्या से अवगत कराया। वर्षा शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि पूर्व सीएम गहलोत ने अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल में जनहित और लोककल्याण की अनेक ऐतिहासिक योजनाएं संचालित कीं, जिनसे प्रदेश की करोड़ों जनता लाभान्वित हुई। गहलोत हमेशा गरीब, कमजोर और जरूरतमंद वर्ग की आवाज़ रहे हैं। उनके जन्मदिवस पर सेवा कार्य करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धा है। कार्यक्रम का संचालन एडवोकेट रेखा ने किया और यह प्रदीप सुमन की देखरेख में आयोजित हुआ। इस अवसर पर सुशीला जैन, अनीता शर्मा, एडवोकेट रेखा, कृष्णा राठौर, सलमा खानम, संजीदा खान, बिस्मिल्लाह बी, जाहिदा बेगम सहित महिला कांग्रेस की अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहीं।