आरोग्य भारती जिला झालावाड़, विभाग बारां प्रांत चित्तौड़ की एक महत्वपूर्ण बैठक योग भवन में आयोजित हुई। इस बैठक में आगामी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों पर चर्चा की गई और योग को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया। विभाग संयोजक सुरेंद्र कुमार जैन ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून को मनाया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे जहां भी हों, वहीं से योग सिखाने की शुरुआत करें। आयुष मंत्रालय की वेबसाइट पर पंजीकरण करके घर बैठे भी योग सीखा जा सकता है। जिलाध्यक्ष डॉ. रिंकेश यादवेन्द्र ने जिले में हाल ही में हुई 19 दिनों में 22 आत्महत्याओं की घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने इसे समाज के लिए एक गंभीर विषय बताया और अपील की कि यदि कोई व्यक्ति या छात्र गुमसुम रहने लगे, अकेला बैठे या बातचीत से कतराए, तो उस पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। जिला उपाध्यक्ष डॉ. संदीप निर्मल ने जानकारी दी कि जिले में कई स्थानों पर निःशुल्क योग प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इनमें आदर्श विद्या मंदिर हॉल, खेल संकुल और गढ़ परिसर शामिल हैं। आमजन इन प्रशिक्षणों का लाभ उठा सकते हैं। परंपरागत विद्या संपर्क प्रमुख डॉ. रामकेश मीणा ने "करो योग, रहो निरोग" के संदेश को अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नियमित दिनचर्या और योग के माध्यम से स्वस्थ रहना आवश्यक है। डॉ. मीणा ने बताया कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का विकास होता है, और जब व्यक्ति स्वस्थ होगा, तभी समाज, ग्राम और राष्ट्र भी स्वस्थ होंगे, जिससे भारत पुनः विश्व गुरु बनने की दिशा में आगे बढ़ेगा। इस कार्यक्रम में आयुष कंपाउंडर राम प्रसाद, अनीता नागर, अनीता कुमारी, परिचारक संजू कंवर, प्रेम कंवर, रामबाबू, मनन व्यास सहित कई अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।