झालावाड़ में 9वें राष्ट्रीय पोषण माह के तहत गुरुवार को कृषि विज्ञान केंद्र में पौष्टिक व्यंजन प्रतियोगिता और पोषण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। ‘आहार विविधता एवं पर्याप्त प्रोटीन’ विषय पर हुई प्रतियोगिता में जिले के अलग-अलग आंगनबाड़ी केंद्रों से करीब 36 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने स्थानीय खाद्य सामग्री से विभिन्न पौष्टिक व्यंजन तैयार कर संतुलित आहार, खाद्य विविधता और पर्याप्त प्रोटीन का संदेश दिया। प्रतियोगिता में तुलसीरानी ने प्रथम, संगीता ने द्वितीय और कृष्णा देवी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 9 सितंबर से 8 अक्टूबर तक पोषण माह भारत सरकार के पोषण संबंधी जागरूकता अभियान के तहत 9वां राष्ट्रीय पोषण माह 9 सितंबर से 8 अक्टूबर तक मनाया जा रहा है। इस वर्ष इसकी थीम ‘हमारी आंगनबाड़ी हमारी जिम्मेदारी’ है। कृषि विज्ञान केंद्र की वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ. संतोष झाझड़िया ने बताया कि अभियान के तहत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मदद से पोषण जागरूकता और व्यवहार परिवर्तन से जुड़ी गतिविधियां की जा रही हैं। रोज के भोजन में शामिल करें विविधता कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला बाल विकास परियोजना अधिकारी अनेक सिंह ने की। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से कहा कि वे अपने रोज के भोजन में अलग-अलग तरह के खाद्य पदार्थ शामिल करें। स्थानीय स्तर पर उपलब्ध प्रोटीन युक्त खाद्य पदार्थों का अधिक उपयोग करने के साथ परिवार और समाज में पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया। स्थानीय सामग्री से तैयार किए पौष्टिक व्यंजन कार्यक्रम प्रभारी एवं गृह विज्ञान विषय विशेषज्ञ डॉ. तुलिका आचार्य ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पौष्टिक व्यंजन तैयार करने के लिए प्रोत्साहित करना था। इनके माध्यम से बच्चों, किशोरियों, गर्भवती महिलाओं और स्तनपान कराने वाली माताओं तक संतुलित आहार, आहार विविधता और पर्याप्त प्रोटीन का संदेश पहुंचाना भी कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य रहा। प्रतियोगिता में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने स्थानीय स्तर पर उपलब्ध खाद्य सामग्री से तैयार विभिन्न पौष्टिक व्यंजनों के स्टॉल लगाए। प्रतिभागियों ने स्थानीय एवं मौसमी खाद्य पदार्थों के उचित संयोजन से पौष्टिक भोजन तैयार करने का संदेश दिया। व्यंजनों का मूल्यांकन उनकी पौष्टिकता, खाद्य विविधता और प्रस्तुतीकरण के आधार पर किया गया। रंगोली से दिखाई पोषक थाली, पौधे भी भेंट किए कार्यक्रम में पोषक थाली को रंगोली के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। सभी प्रतिभागी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पौधे भेंट कर वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी दिलाया गया। इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र से डॉ. मोहम्मद यूनुस, डॉ. हितेश मुवाल, सुनीता कुमारी, महेश कुमार एवं शाहरूख खान तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की महिला पर्यवेक्षक साधना शर्मा मौजूद रहीं।