झालावाड़ के मुख्यमंत्री पुनर्वास गृह धनवाड़ा में वृद्धजन, बेघर, दिव्यांग और बच्चों के लिए रोटी बनाने वाली ऑटोमैटिक मशीन का शुभारंभ किया गया। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अधिकारी रामनिवास यादव ने इसका विधिवत उद्घाटन किया। इस मशीन से अब यहां रहने वाले लोगों को समय पर गरमा-गरम रोटियां मिल सकेंगी। यह मशीन एक घंटे में लगभग 2000 रोटियां बना सकती है, जिससे करीब 250 लोगों को आसानी से भोजन उपलब्ध होगा। पहले हाथ से रोटियां बनाने में अधिक समय लगता था। भामाशाहों का जताया आभार मुख्य अतिथि रामनिवास यादव ने इस पहल के लिए संस्था परिवार, सभी भामाशाहों और संस्था की समर्पित स्टाफ सदस्य शशि सिंह शेखावत का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि शशि सिंह शेखावत ने भामाशाहों से संपर्क कर सहयोग राशि जुटाने और मशीन मंगवाने की पूरी प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संस्था संचालक प्रतिमा चौहान ने बताया कि गर्मी के मौसम में रसोइयों के लिए लाभार्थियों के लिए रोटी बनाना अब आसान हो गया है। पुस्तकालय अध्यक्ष शशि सिंह शेखावत ने भी संस्था परिवार और भामाशाहों के प्रति आभार व्यक्त किया, जिन्होंने उन्हें इस सेवा कार्य में सहयोग और विश्वास दिया। महिला प्रभारी अमरीन कौसर ने सभी का आभार व्यक्त कर कार्यक्रम का समापन किया। इस अवसर पर कमलेश कुमार और कृष्णा राठौर भी मौजूद रहे।